दुर्ग

बीएसपी जीएम-एजीएम सहित जिले से 90 संक्रमित,
05-Jan-2022 1:42 PM
बीएसपी जीएम-एजीएम सहित जिले से 90 संक्रमित,

दुर्ग की पॉजिटिविटी दर बढक़र हुई 4.6 फीसदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जनवरी।
जिला दुर्ग में कल कोरोना संक्रमित 90 मरीज मिले हैं, जिसमें सर्वाधिक 44 मरीज भिलाई से, दुर्ग से 20, रिसाली से 15, चरोदा से 7, निकुम एवं धमधा ब्लॉक से 2-2 संक्रमित मरीज मिले हैं। पदुम नगर भिलाई 3 से एक ही परिवार के तीन सदस्य भी संक्रमित पाए गए हैं। इनके अलावा भिलाई इस्पात संयंत्र के एक महाप्रबंधक एवं एक सहायक महाप्रबंधक भी संक्रमित हो गए हैं। जिले में पॉजिटिविटी की दर बढक़र 4.6 फीसदी हो गई है।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में आज विभिन्न जांच केंद्रों से कुल 1 हजार 940 सैंपल एकत्रित किए गए थे। इन सैंपल में से 90 की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है, जिसके कारण जिले में अब कोरोना पॉजिटिविटी की दर बढक़र 4.6 फीसदी हो गई है। जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या पढक़र 237 पहुंच गई है। आज सर्वाधिक 44 पॉजिटिव मरीज भिलाई क्षेत्र से मिले हैं, इसके बाद दुर्ग से 20 संक्रमित मरीज मिले हैं।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि जिले में कोविड-19 महामारी का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इससे बचाव के लिए जिले के नागरिकों को अनिवार्य रूप से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। जिसके तहत भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचना चाहिए। बीमार एवं बुजुर्ग व्यक्तियों को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। घर से बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क का प्रयोग करना चाहिए, समय-समय पर अपने हाथ एवं चेहरे को साफ रखना चाहिए। तभी इस बीमारी से बचा जा सकता है।

विदित हो कि आज की रिपोर्ट में पदुम नगर भिलाई 3 से एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। एक 58 वर्ष के पुरुष, एक 48 वर्षीय महिला एवं एक 19 वर्षीय युवती शामिल है। इसके आलावा 23 परिवार ऐसे भी हैं, जिनके घरों से दो-दो सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में 11 की रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई है, जिसमें एक बीएसपी के महाप्रबंधक एवं एक सहायक महाप्रबंधक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव प्राप्त हुई है। इसके अलावा 9 लोगों में संयंत्र कर्मियों के परिजन की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है।
 

 


अन्य पोस्ट