दुर्ग

रिसाली निगम: कांग्रेस से महापौर के लिए शशि-भाजपा से रमा प्रत्याशी घोषित
05-Jan-2022 1:28 PM
 रिसाली निगम: कांग्रेस से महापौर के लिए शशि-भाजपा से रमा प्रत्याशी घोषित

 सभापति के लिए कांगे्रस से केशव-भाजपा से धर्मेंद्र

सुबह पार्षदों ने ली शपथ-मतदान शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर,  5 जनवरी।
दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम के लिए कांग्रेस से महापौर के लिए शशि सिन्हा एवं सभापति के लिए केशव बंछोर, भाजपा की ओर से महापौर के लिए रमा साहू एवं सभापति के लिए धर्मेंद्र भगत प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। नव निर्वाचित पार्षदों ने आज सुबह अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली है।

निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसएन भुरे ने कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए पांच-पांच पार्षदों को शपथ दिलवाई।

गौरतलब हो कि भिलाई से अलग होकर पहली बार अस्तित्व में आए 40 सीटों वाले इस निगम में कांग्रेस 21 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत में है, जबकि सात में से पांच निर्दलीय भी साथ होने का दावा कांग्रेस कर रही है।कांग्रेस की ओर से शशि सिन्हा को महापौर का प्रत्याशी बनाया गया है। शशि सिन्हा वार्ड 9 से पार्षद चुनी गई हैं। सभी निर्वाचित 40 पार्षदों की शपथ के बाद मतदान प्रक्रिया से निगम का महापौर और सभापति चुना जाएगा। यहां से सभापति के लिए कांग्रेस से केशव बंछोर को प्रत्याशी बनाया गया है।
शपथ बाद बीजेपी के पार्षद यहां से सांसद विजय बघेल के साथ निकले हैं।  सांसद बघेल ने कहा कि कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, इसके बाद भी वह निर्दलियों का सहारा ले रही है। कांग्रेस को अपने ही पार्षदों पर विश्वास नहीं है। हमारे पास बहुमत नहीं है, फिर भी लोकतांत्रिक भागीदारी के तहत भाजपा प्रत्याशी खड़ा करेंगे।

भाजपा की ओर से महापौर के लिए रमा साहू एवं सभापति के लिए धर्मेंद्र भगत प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं।
 बीजेपी की बात करें तो उसके पास अभी 15 पार्षद ही हैं। उसे बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए 6 पार्षदों की और जरूरत पड़ेगी। रिसाली नगर निगम में महापौर और सभापति पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
रिसाली नगर निगम में कांग्रेस से चुने गए 21 और समर्थन देने वाले 5 निर्दलीय पार्षद रविवार से ही अज्ञातवास पर हैं। सभी पार्षदों को मध्यप्रदेश के एक धार्मिक पर्यटन स्थल पर ठहराया गया है। वहां लग्जरी लाइफ जीने के बाद बुधवार सुबह 9 बजे तक सभी पार्षद भिलाई पहुंच गए हैं। सुबह 10 बजे सभी रिसाली निगम पहुंचें और अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली।

 


अन्य पोस्ट