दुर्ग

पड़ोसी लडक़े को पीटने के बाद ट्रैफिक आरक्षक से मारपीट
04-Jan-2022 12:59 PM
  पड़ोसी लडक़े को पीटने के बाद ट्रैफिक आरक्षक से मारपीट

हंसिया लहराता रहा शराबी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जनवरी।
कुम्हारी में शराबी ने बीती दोपहर नशे में पड़ोसी 17 वर्षीय छात्र से गाली गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी। फिर समीप ही चौराहे पर तैनात ट्रैफिक आरक्षक से वह जा भिड़ा। उसने आरक्षक का केनवुड सेट तोड़ा और मारपीट करते हुए हंसिया से वार का प्रयास किया। अन्य ट्रैफिक कर्मियों ने आरक्षक को बचाया और आरोपी को पकड़ कुम्हारी थाना ले गए।

कुम्हारी थाना के एएसआई मानसिंह सोनवानी ने बताया कि गांधी नगर कुम्हारी निवासी चिंताराम साहू ने बीती दोपहर छक कर शराब पी और पड़ोसी 17 वर्षीय लडक़े को सामने देख गाली देने लगा। जब उसने मना किया तो उससे मारपीट की। लडक़ा थाना पहुंच रिपोर्ट करवा रहा था, तभी चिंता राम समीप ही चौक पर डीएमसी पांईट पर ट्रैफिक सम्हाल रहे आरक्षक वी. मोहन राव से उलझ गया। गाली-गलौज करते हुए उसने आरक्षक से मारपीट शुरू कर दी।

चिंताराम पर नशा इतना हावी था कि उसने यातायात मुख्यालय से मोहन को मिला केनवुड सेट भी तोड़ दिया। इसी बीच मोहन राव से मारपीट कर रहे सहायक उप निरीक्षक निर्दोष एक्का, संजीव अहिरवार, संतोष कुर्रे ने बीच बचाव किया तो चिंता राम घर से हंसिया लेकर फिर मोहन की तरफ मारने दौड़ा, अन्य पुलिस कर्मियों ने आरोपी को पकड़ा और कुम्हारी थाना ले आए।

पड़ोसी छात्र की रिपोर्ट पर आरोपी चिंताराम के खिलाफ 294, 323, 506 और आरक्षक मोहन राव की रिपोर्ट पर धारा 186, 294, 323, 353, 427, 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट