दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जनवरी। भिलाई-चरौदा नगर निगम में आज सुबह सभी 40 नवनिर्वाचित पार्षदों ने शपथ ले ली है। इसके बाद निगम के महापौर और सभापति का चुनाव गुप्त मतदान के जरिए हुआ जिसमें आठ वोट के अंतर से कांग्रेस के निर्मल महापौर व कृष्णा सभापति बने।
40 पार्षदों वाले इस निगम में बीजेपी के पास महज 15 पार्षद हैं। आज कांग्रेस और बीजेपी सहित छह निर्दलीय पार्षदों को कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी पार्षदों ने 5-5 की संख्या में शपथ ली है।
विदित हो कि शपथ ग्रहण करने से पहले भिलाई-तीन चरौदा नगर निगम से जीते सभी कांग्रेसी पार्षदों को रविवार शाम रायपुर बुलाया गया था। एक निजी होटल में सभी को ठहराया गया, जहां देर रात कांग्रेस के आला नेताओं के साथ बैठक भी हुई। बैठक में कांग्रेस के मेयर और सभापति का नाम तय होने के बाद सभी पार्षद आज सुबह भिलाई पहुंचे और सुबह 10 बजे से शुरू हो रहे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।
आठ वोट के अंतर से कांग्रेस के निर्मल महापौर बने, कृष्णा सभापति
नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में महापौर व सभापति का निर्वाचन पूरा हो गया। कांग्रेस के निर्मल कोसरे भिलाई चरोदा निगम के दूसरे महापौर चुने गए वहीं कांग्रेस के ही कृष्णा चंद्राकर को सभापति की कुर्सी मिली है। निर्मल कोसरे को 24 वोट व भाजपा प्रत्याशी नंदनी जांगड़े को 16 मत मिले। इसी प्रकार सभापति के लिए कृष्णा चंद्राकर को 24 वोट तथा भाजपा के चंद्र प्रकाश पांडे को 16 वोट मिले। इस तरह दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया। इसी के साथ भिलाई चरोदा निगम में महापौर व सभापति को लेकर चल रहा है इंतजार भी समाप्त हो गया।