दुर्ग
मांग को लेकर तीस जनवरी को रायुपर में धरना की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी। किसान मित्र संघ का दुर्ग जिला सम्मेलन धमधा के महामाया मंदिर प्रांगण में जिला अध्यक्ष अशोक चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। दुर्ग ब्लाक के अध्यक्ष हरिनारायण मढ़रिया, घमधा ब्लाक के अध्यक्ष संतोष वर्मा और पाटन ब्लाक के अध्यक्ष मनीष कश्यप ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।
किसान मित्र संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने जिले के किसान मित्रों को संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए सचेत किया कि हर दो साल में कार्य की समीक्षा के बहाने किसान मित्रों को काम से निकाले जाने का पुरजोर विरोध किया जाना चाहिये।
सम्मेलन में शामिल किसान मित्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त ने कहा कि मुम्बई हमले के आरोपी पाकी आतंकी कसाब को भी अपना बचाव करने का पूरा अवसर दिया गया, किंतु 2018 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद 8-10 साल से काम करने वाले अनेक किसान मित्रों को कार्य की समीक्षा करने के बहाने एक झटके में काम से मुक्त कर दिया गया। सेवामुक्त किये गये किसान मित्रों को उनके खिलाफ लगे आरोप नहीं बताये गये, सफाई में अपनी बात रखने और अपना बचाव करने का अवसर भी प्रदान नहीं किया गया। यहां तक कि सेवा से मुक्त करने का आदेश भी नहीं दिया गया। यह न्याय के सिद्धांत के खिलाफ है, उन्होंने सेवामुक्त किये गये किसान मित्रों को कोर्ट जाने की सलाह दिया। सम्मेलन में शामिल अनेक किसान मित्रों ने बताया कि कई साल से काम करने के बावजूद उन्हें आजतक नियुक्ति आदेश नहीं दिया गया है
नियुक्ति आदेश की मांग करेंगें
किसान मित्रों के दुर्ग जिला सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि जिले के किसान मित्र अपने अपने ब्लाक के कृषि अधिकारियों से नियुक्ति आदेश देने और सेवा से पृथक किये गये किसान मित्र सेवा मुक्ति का आदेश देने की मांग करेंगे।
30 जनवरी से रायपुर में धरना प्रदर्शन
सम्मेलन में प्रस्ताव पारित करके प्रदेश किसान मित्र संघ के आह्वान पर मानदेय में वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर प्रदेश के अन्य संगठनों के साथ संयुक्त रूप से 30 जनवरी से किये जाने वाले राज्य स्तरीय धरना प्रदर्शन में दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में किसान मित्रों के शामिल होने का निर्णय लिया गया।
किसान मित्र संघ के दुर्ग जिला सम्मेलन में तीनों ब्लाक से विमला साहू, केशरी बंछोर, सीमा मढ़रिया, परमानंद ठाकुर, भीम सिंह यादव, अमर सिंह, विजय निषाद, महादेव वर्मा, काशीराम पटेल, राजेश्वर कुर्रे, बलराम जांगड़े, सोहन जोशी, हेमन सोनकर, रविकुमार वर्मा, हेमंत बंछोर, महेश यदु, हरिलाल अनंत, कीर्तिकुमार नायक, ओंकार कुम्भकार और देवेंद्र ताम्रकार शामिल थे।