दुर्ग
धुआं निकलते देख गार्ड ने दी सूचना, भिलाई स्टेशन पर बुझाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 दिसंबर। कल रात विशाखापट्टनम से पंजाब जा रही मालगाड़ी से धुआं निकलते देख गार्ड ने स्टेशन मास्टर और दमकल विभाग को खबर दी। विदेशी कोयले से लदी इस मालगाड़ी की एक बोगी में आग लगी थी। रेलवे प्रशासन ने इसकी जानकारी भिलाई नगर निगम के दमकल विभाग को दी। जैसे ही ट्रेन भिलाई नगर स्टेशन पहुंची, पहले से मुस्तैद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। ट्रेन की हर बोगी को अच्छे तरीके से कवर किया गया था।
कल शाम 6-7 बजे रायपुर से भिलाई तीन के बीच रास्ते में गार्ड ने देखा कि बीच की एक बोगी से धुंआ उठ रहा है, इसकी जानकारी उसने तत्काल रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को दी गई। आरपीएफ ने भिलाई नगर निगम के दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम शाम 7.30 बजे भिलाई नगर स्टेशन पहुंच गई थी। करीब आधे घंटे के इंतजार के बाद ट्रेन रात 8 बजे करीब भिलाई नगर स्टेशन पहुंची। वहां ट्रेन को रोका गया।
आरपीएफ और दमकल विभाग की मदद से रेक की आग को बुझाने का प्रयास किया गया। करीब 30-40 मिनट की मशक्कत के बाद बोगी के कोयले को पानी से तर किया गया। बोगी से धुंआ आना बंद हुआ तो ट्रेन पौने 9 बजे वहां से पंजाब के लिए रवाना हुई।