दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 दिसंबर। आईआईटी भिलाई के पांच छात्रों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी पुष्टि आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर रजत मुना ने की है।
आईआईटी के डायरेक्टर ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से छात्रों की वापसी 20 दिसंबर से से शुरू हो गई थी। छात्रों के आने के बाद उन्हें पांच दिन के लिए क्वॉरंटीन किया गया था। टेस्ट में 5 छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अलग से क्वारंटीन कर दिया गया है। सभी छात्रों को टीके की दोनों डोज लग चुकी है। इसके बाद भी उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित होने के बाद सभी कमरों को सैनिटाइज किया गया है और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
गौरतलब हो कि आईआईटी भिलाई अभी नवा रायपुर के आईआईएम में संचालित है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग डेढ़ सौ नए संक्रमित प्रदेश में मिले हैं जिसमें 28 केस रायपुर, रायगढ़ में 32, बिलासपुर में 31, कोरबा में 21, दुर्ग में 11 नए केस मिले हैं हालांकि इस दौरान कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार बाहर दूसरे राज्य खासकर विदेश से आने वालों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन में थर्मल स्कैनिक को जरूरी किया गया है। वहीं विदेश से आने वाले हर एक व्यक्ति की पूरी जानकारी लेकर उसका कोविड टेस्ट किया जा रहा है। विदेश से आने वाले लोगों का सैंपल ओमीक्रॉन टेस्ट के लिए भी बाहर भेजा जा रहा है।