दुर्ग

सरकार को जगाने चंदूलाल अस्पताल के निष्कासित कर्मियों ने निकाला मशाल जुलूस
30-Dec-2021 10:02 PM
सरकार को जगाने चंदूलाल अस्पताल के निष्कासित कर्मियों ने निकाला मशाल जुलूस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 दिसंबर।
जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा मजदूर कार्यकर्ता समिति द्वारा स्व. चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत कर्मचारियों की उपेक्षा से नाराज होकर आज मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस शाम 5.30 बजे सिरसा गेट भिलाई 3 से निकलकर पंचशील नगर में समाप्त हुआ।

 प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राज्य सरकार चन्दूलाल चन्द्राकर मेडिकल कॉलेज के संघर्षरत कर्मचारियों को लगातार अनदेखा कर रही है, इसलिए यह मशाल रैली राज्य सरकार को जगाने के लिए निकाली गई ताकि कर्मचारियों के साथ सौहाद्रपूर्ण वातावरण में बातचीत कर कर्मचारियों के पदस्थापना को बरकरार रखा जाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि पूर्व प्रबन्धक शिव चंद्राकर कर्मचारियों के करोड़ों रुपये डकार चुके हैं और अब पल्ला झाड़ कर सरकार के साथ मिलकर पचाने का प्रयास कर रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव आलोक शुक्ला द्वारा बयान दिया गया है कि नर्सिंग स्टाफ की नयी भर्ती होगी, जबकि ट्रेनिंगशुदा नर्सिंग स्टाफ 4 महीनों से अपने नौकरी बचाने के लिए प्रयासरत है। सरकार  मेडिकल कॉलेज को इन पुराने कर्मचारियों से संचालित कर सकता है, क्योंकि सभी विभाग के ट्रेनिंग प्राप्त कर्मचारी रोज अस्पताल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, लेकिन बात समझ से परे है कि पुराने कर्मचारियों से मुख्यमंत्री बात भी नहीं कर रहे हैं। ऊपर से सचिव स्तर के अधिकारी नए स्टाफ रखने का बयान देते हैं। आज भी हम लोग मुख्यमंत्री से वार्ता करना चाहते हैं ताकि हमारी पीड़ा का समाधान करें क्योंकि हमें लोकतांत्रिक संघर्ष में विश्वास है।

प्रदर्शन में अनीता, मोहन, दीपा, मिसि, मोनिका, सुनीता, ममता, सुमित, धनुष, देवराज, लक्ष्मण, गुहा, नीलकंठ, गीता, रूचि, रूखमणी, हुबलाल, जय प्रकाश नायर, सुरेन्द्र मोहन्ती, नीरा, खेमिन, कलादास डेहरीया सहित सैकड़ों चंदूलाल चंद्राकर हास्पिटल से निष्कासित कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट