दुर्ग
भिलाई नगर, 29 दिसंबर। राजनांदगांव से सीटीईटी की परीक्षा देने बाईक से जा रहे भाई-बहन ट्रैलर की ठोकर से घायल हो गए। परीक्षा बाद कल शाम खुर्सीपार थाना में आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत पीडि़त ने रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
पुलिस ने बताया कि भदौरिया नर्सिग होम, सहदेव नगर, राजनांदगांव निवासी 29 वर्षीय भारत भूषण श्रीवास अपनी बहन के साथ कल भिलाई में आयोजित सीटीईटी परीक्षा देने बाईक से आ रहे थे। उनका पार्थिवी कॉलेज एग्जाम सेंटर था। सिरसा गेट के पास उनकी बाईक क्रमांक सीजी 07 एडी 7904 को पीछे से ट्रक कंटेनर क्रमांक एमपी 09 एचएच 7937 ने ठोकर मार दी जिससे भारत भूषण और उसकी बहन सीमा बाईक समेत गिर गए। सीमा को बाएँ पैर के गुठने, भारत के पैर में चोट आई और बाईक क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट पर खुर्सीपार थाना में ट्रैलर क्रमांक एमपी 09 एचएच 7937 के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।