दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। नेवई थाना क्षेत्र में 2 सूने मकान से लाखों की चोरी हो गई। दोनों परिवार टूर पर बाहर घूमने गए थे। इसी प्रकार चोरों ने वैशाली नगर निवासी टूर पर गए कापसे परिवार के सूने मकान का ताला तोडक़र कैश, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जेवरात पार कर दिए हैं।
अजमेर घूमने गया था परिवार, चांदी की मूर्तियों समेत लाखों के जेवर पार
अजमेर राजस्थान से टूर कर सोमवार को लौटे अवधपुरी रिसाली निवासी भट्टाचार्य परिवार के घर में घुसते ही पैरों तले जमीन खिसक गई है क्योंकि इनके सूने मकान का ताला तोड़ लाखों के आभूषण और भगवान गणेश-लक्ष्मी की चांदी की मूर्तियाँ अज्ञात चोर पार कर दिए हैं। पीडि़त परिवार ने चोरी गए आभूषण को सूचीबद्ध कर नेवई थाना में सोमवार की शाम रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
नेवई पुलिस ने जानकारी दी कि शासकीय कर्मचारी 58 वर्षीय गौतम भट्टाचार्य निवासी प्लाट 623/49, सडक़-1, अवधपुरी रिसाली परिवार सहित 23 दिसंबर को सुबह 8 बजे अपने घर पर ताला लगा पूरे राजस्थान अजमेर घूमने गये थे। इस दौरान उन्होंने काम वाली बाई दीपा यादव को घर बाउंड्री के अंदर लगे पेड़ पौधों में पानी डालने एवं लाईट को बंद-चालू करने गेट की चाबी दे रखी थी।
रविवार की शाम दीपा एवं उसके पति ने भट्टाचार्य के घर के दरवाजा का ताला टूटा देख फोन से गौतम भट्टाचार्य को इसकी सूचना दी। सोमवार को आनन-फानन भट्टाचार्य परिवार दोपहर भिलाई पहुँचा और घर के सामने का गेट एवं दोनों मेन डोर का ताला व इंटरलॉक टूटा पाया। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी का लॉकर टूटा था। सामान मिलान करने पर रीना भट्टाचार्य के सारे आभूषण नहीं थे। उनका सोने का लंबा हार 40 ग्राम का लॉकेट, लक्ष्मी हार लगभग 13 ग्राम, छोटा हार लगभग 15 ग्राम, लाकेट, बीछा हार 40 ग्राम, लाल मोती सोना हार 12 ग्राम, क्रिस्टल हार 5 ग्राम, कान का बाला 15 ग्राम, 2 नग बाउटी लगभग 25 ग्राम, 2 नग चूड़ी 30 ग्राम, सोने की टिकली 5 ग्राम, जेंट्स अंगूठी 5 ग्राम, 10 जोड़ी कान का सोने ईयरिंग 60 ग्राम, अंगूठी 10 ग्राम, चांदी की चैन, चांदी का सिक्का 10 ग्राम, चांदी की गणेशजी मूर्ती और लक्ष्मीजी की मूर्ति चोरी कर ली गयी है। नेवई पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
परिवार गया था अंडमान टूर, ताला तोड़ नगदी-लाखों के जेवर पार
नेवई थाना क्षेत्र में मैत्री नगर रिसाली क्षेत्र के सूने मकान का ताला तोड़ चोरों ने 40 हजार नगदी और लाखों के जेवरात पार कर दिए हैं। नेवई पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है।
पुलिस के अनुसार बीएसएनएल से रिटायर्ड 57 वर्षीय मोनोसिजा चैटर्जी मैत्री कुंज 20 दिसंबर की शाम 6 बजे अपने घर में ताला लगाकर पूरे परिवार सहित अंडमान निकोबार गये थे। नौकरानी रोहनी देवांगन एक दिन के आड़ में घर के बाउंड्री एवं प्रथम तल के बालकनी में लगे पेड़ पौधों में पानी डालने आती थी। 23 दिसंबर को करीबन ढाई बजे दोपहर में वह पानी डालने आई तो देखी कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने पड़ोसी एससी सरकार को बताया और उन्होंने फोन से चैटर्जी परिवार को सूचना दी।
एससी सरकार व एनआरएस प्रभाकर ने थाने में सूचना देकर घर में ताला लगा दिया था। 26 दिसंबर की रात 9 बजे चैटर्जी परिवार लौटा और देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी का लॉकर टूटा है, सामान मिलान करने पर 25 साल पूर्व शादी में उपहार स्वरूप मोनोसिजा की पत्नी अनंदिता चैटर्जी को मिले जेवर 1 नग सोने का नेकलेस, 2 जोड़ी सोने का इयरिंग, एक नग सोने की जेंट्स अगुंठी तथा पुरानी इस्तेमाली एक जोड़ी सोने की चूड़ी और नगदी 40 हजार रूपये कोई अज्ञात चोर ले गया।
नेवई पुलिस आज हुई रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।
टूर पर गया था कापसे
परिवार, जेवर-नगदी पार
एक अन्य घटना में वैशाली नगर निवासी टूर पर गए कापसे परिवार के सूने मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोर कैश, इलेक्ट्रॉनिक सामान और जेवरात साफ कर गए हैं। सोमवार को लौटने के बाद पीडि़त परिवार को चोरी का पता लगा और उन्होंने वैशाली नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
वैशाली नगर पुलिस ने बताया कि 45 वर्षीय योगेंद्र कापसे ईडब्लूएस 369 वैशाली नगर निवासी परिवार सहित 24 दिसंबर को टूर पर बाहर गए थे। घर में ताला लगा था। 27 दिसंबर को कापसे परिवार अलसुबह करीब 4 बजे लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ था। दरवाजा आधा लगा था और अंदर घुसकर देखने पर सामान अस्त व्यस्त मिला। आलमारी के लॉकर में रखा एक रुपये, पांच रुपये, 10 और 20 रुपये के नोट का बंडल, पर्स में रखे सिक्के और मुद्रा लगभग 7 हजार 700 रुपये, एक सोने की अंगूठी, चांदी की चैन, एक मोबाइल, छोटा स्पीकर सहित बच्चों के पिगी बैंक में रखे लगभग ढाई हजार रुपये अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। आशंका जगाई जा रही है कि यह चोरी 26-27 दिसंबर की दरमियानी रात की गई है। वैशाली नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।