दुर्ग
रुपये मांगने महासमुंद गया तो मारपीट कर भगाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर। पूजा पाठ से व्यवसाय में काफी मुनाफा का झांसा देकर हाउसिंग बोर्ड के एक व्यवसायी से तीन लाख रुपये झटकने वाले आरोपी के खिलाफ जामुल पुलिस ने धारा 384 और 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। इस मामले में हैरान करने वाला पहलु यह भी है कि आरोपी से 3 लाख वापस मांगने पर वह और 3 लाख की मांग करने लगा, न देने पर तंत्र-मंत्र से सारा व्यवसाय ठप करने और बर्बाद कर देने की धमकी दी, जिससे भयभीत व्यवसायी ने जामुल थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
जामुल एसआई जेडी दीवान ने बताया कि 37 वर्षीय हाउसिंग बोर्ड निवासी की पहचान तीन महीने पहले बालोद के गंगेश बारले से हुई थी। रवि पेशे से फ्लैक्स प्रिंटिंग का कारोबार करता है और उसकी पॉवर हाउस में दुकान भी है। सितंबर में रवि को कुछ पैसे लगाकर पैसों को कई गुना पूजा-पाठ के जरिए करने का लालच गंगेश ने दिया और कहा कि महासमुंद के पुजारी नेमू माण्डले (55 वर्ष) ग्राम झलप से मिलने चलो, वह सब ठीक कर देगा।
रवि ने गंगेश द्वारा बताए गए पते पर पुजारी नेमू माण्डले के घर गया तो उसे बताया गया कि अगर 3 लाख रुपयों का इंतजाम कर लेते हो तो इन पैसों को वह कई गुना पूजा पाठ के जरिए कर लौटाएगा और उस रूपये से व्यापार में कई गुना वृद्धि होगी। व्यापार में कई गुना वृद्धि के झांसे में आये रवि को पुजारी नेमू माण्डले ने यह भी बताया कि उससे मिलने के बाद अगर रवि यह काम नहीं करवाता तो वह पूजा पाठ से उसके व्यापार को जड़ से खत्म कर देगा। कुछ दिन का समय लेकर रवि ने 3 लाख रुपयों की व्यवस्था होने की जानकारी नेमू माण्डले को दी।
नेमू माण्डले ने 29 सितम्बर को उसके घर पहुंचने का समय दिया। शाम करीब 6 बजे पुजारी नेमू मोटर सायकल से अपने चेले के साथ हाउसिंग बोर्ड आया और 3 लाख रूपये ले लिए। इसके बाद नेमू माण्डले और पैसों का डिमाण्ड करने लगा। रवि ने जब पहले दिए 3 लाख को वापस मांगा तो नेमू ने स्पष्ट कह दिया कि 3 लाख रूपये और दोगे तभी मैं काम करूंगा। नहीं तो इसका उल्टा असर होगा। रवि रूपये मांगने ग्राम झलप गया तो नेमू ने अपने साथियों से उसे मारपीट कर भगा दिया। रवि ने पुलिस को बताया कि वह धार्मिक प्रवृत्ति का होने की वजह से नेमू के बर्बाद कर देने की धमकी से काफी डर गया है।