दुर्ग

दुकान में तोडफ़ोड़ कर शराब के लिए छिने रूपये, मारपीट
28-Dec-2021 1:17 PM
दुकान में तोडफ़ोड़ कर शराब के लिए छिने रूपये, मारपीट

कार सवार 3 आरोपियों पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 दिसंबर।
कल रात श्रीराम चौक हुडको में कार से पहुंचे आरोपी मोहन दुबे उर्फ कादिर और उसके साथियों ने लोगों से शराब के लिए रूपये मांगते हुए मारपीट की। इन्होंने एक पीडि़त से 250, अन्य से 3 हजार रुपये भी छीन लिए हैं। मामले की कल रात कोतवाली थाना में शिकायत बाद आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया गया है।

कोतवाली एएसआई मनोज यादव ने बताया कि 55 वर्षीय रंजित सिंह निवासी एमआईजी 2/58 हुडको पेशे से ड्राइवर है। कल रात करीब 9.30 बजे वह श्रीराम चौक के पास खड़ा था, तभी हुडको निवासी मोहन दुबे उर्फ कादिर अपने दो अन्य साथी को ले कार से पहुंचा और रंजित से गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिये रूपये मांगते हुए जेब से 250 रुपये छीन लिए। विरोध करने पर उन्होंने रंजित को डण्डे से पीटा। उसके दाहिने हाथ और पीठ में चोट आई है।

आरोपियों ने बीचबचाव करने आए दिनेश शर्मा के साथ भी विवाद करते हुए उससे भी मारपीट की और उसके दुकान में तोडफ़ोड़ कर 3 हजार रुपये ले लिये। दिनेश को दाहिने हाथ में चोट आई है। आरोपियों द्वारा मिलन चौक के अनीश मढ़रिया के घर के सामने जाकर उससे भी गाली-गलौज की है।

देर रात रंजित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 327, 34, 427, 506 के तहत जुर्म दर्ज कर भिलाई नगर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट