दुर्ग

परिवार गया था अंडमान टूर, ताला तोड़ नगदी-लाखों के जेवर पार
27-Dec-2021 10:27 PM
परिवार गया था अंडमान टूर, ताला तोड़ नगदी-लाखों के जेवर पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 दिसंबर।
मैत्री नगर रिसाली क्षेत्र के सूने मकान का ताला तोड़ चोरों ने 40 हजार नगदी और लाखों के जेवरात पार कर दिए हैं। नेवई पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएसएनएल से रिटायर्ड 57 वर्षीय मोनोसिजा चैटर्जी मैत्री कुंज 20 दिसंबर की शाम 6 बजे अपने घर में ताला लगाकर पूरे परिवार सहित अंडमान निकोबार गये थे। नौकरानी रोहनी देवांगन एक दिन के आड़ में घर के बाउंड्री एवं प्रथम तल के बालकनी में लगे पेड़ पौधों में पानी डालने आती थी। 23 दिसंबर को करीबन ढाई बजे दोपहर में वह पानी डालने आई तो देखी कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने पड़ोसी एससी सरकार को बताया और उन्होंने फोन से चैटर्जी परिवार को सूचना दी।

एससी सरकार व एनआरएस प्रभाकर ने थाने में सूचना देकर घर में ताला लगा दिया था। 26 दिसंबर की रात 9 बजे चैटर्जी परिवार लौटा और देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी का लॉकर टूटा है, सामान मिलान करने पर 25 साल पूर्व शादी में उपहार स्वरूप मोनोसिजा की पत्नी अनंदिता चैटर्जी को मिले जेवर 1 नग सोने का नेकलेस, 2 जोड़ी सोने का इयरिंग, एक नग सोने की जेंट्स अगुंठी तथा पुरानी इस्तेमाली एक जोड़ी सोने की चूड़ी और नगदी 40 हजार रूपये कोई अज्ञात चोर ले गया।

 नेवई पुलिस आज हुई रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट