दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 दिसंबर। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया था, जिसे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दिया था कि ऐसा करने के लिये सरकार के पास कोई आधार नहीं है। इसके बाद सरकार ने ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग की संख्या का पता लगाने के लिये छत्तीसगढ़ क्वांटिफ ायबल डाटा आयोग का गठन किया था। सी एल पटेल को इस आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था। आयोग ने 1 सितंबर 2021 से सर्वेक्षण का काम शुरू किया था जिसे पूरा करने के लिये पहले 12 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की गई थी जिसे बढ़ाकर 31 अक्टूबर, 30 नवंबर और अब 15 जनवरी 2022 तक निर्धारित किया गया है। जिस पर छग स्वाभिमान मंच ने सवाल उठाया है।
सर्वे पर सवाल उठाते हुए मंच के अध्यक्ष राजकुमार गुप्त ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सर्वे के नाम पर कोर्ट की आंखों में धूल झोंकने और ओबीसी तथा ईडब्ल्यूएस को धोखा देने का काम कर रही है। सर्वे के नाम पर सिर्फ ओबीसी राशन कार्ड को मोबाईल से लिंक करने का काम किया जा रहा है। ईडबल्यूएस के लिये यह भी नहीं किया जा रहा है। इसके लिये मानदंड भी तय नहीं किया गया है कि किसे ईडबल्यूएस माना जायेगा जबकि सही संख्या का पता लगाने के लिये घर घर जाकर उसी प्रकार सर्वे किया जाना चाहिए। जिस प्रकार जनगणना में किया जाता है, सरकार की सर्वे रिपोर्ट हाईकोर्ट में टिक नहीं पायेगी।
मंच के अध्यक्ष ने बघेल सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उनकी मंशा ओबीसी और ईडबल्यूएस को वास्तविक लाभ प्रदान पहुंचाने के बजाय सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाना है। उन्होंने ओबीसी और ईडबल्यूएस वर्ग की वास्तविक संख्या का पता लगाने के लिए घर घर जाकर सर्वे कराने की मांग की है ताकि उन्हें आरक्षण का लाभ मिल सके।