दुर्ग
दुर्ग, 25 दिसंबर। दिनदहाड़े घर के भीतर ले जाकर पीडि़ता के पति व बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर रेप की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी मधु तिवारी की कोर्ट ने आरोपी दिलीप सपहा को धारा 376 (2) (च) के तहत मृत्यु पर्यंत आजीवन कारावास तथा 5000 रुपए अर्थदंड एवं धारा 506 बी के तहत 2 वर्ष सश्रम कारावास तथा 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक पूजा मोंगरी ने पैरवी की थी।
पूजा मोंगरी ने बताया कि पीडि़ता 19 दिसंबर 2019 को दोपहर 1 बजे अपनी बच्ची को लाने के लिए आंगनबाड़ी जा रही थी। इसी दौरान आरोपी दिलीप सपहा (41 वर्ष) ग्राम सिकोला थाना पाटन निवासी ने पीडि़ता को पीछे से पकडक़र घर के भीतर खींचा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब पीडि़ता ने शोर मचाने लगी तो आरोपी ने उसका मुंह दबाया और उसे तथा उसके पति व बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने शादी करने की बात कहकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। घटना के बाद तुरंत पीडि़ता अपने घर गई और फोन द्वारा अपने पति को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीडि़ता द्वारा थाना पाटन में शिकायत दर्ज कराई गई थी।