दुर्ग

रविवार को सीएम निवास घेर ठेका कर्मचारी लगाएंगे गुहार
25-Dec-2021 4:12 PM
रविवार को सीएम निवास घेर ठेका कर्मचारी लगाएंगे गुहार

विद्युत विभाग के ड्रिस्टिब्यूशन, ट्रांसमिशन, जनरेशन कर्मी आंदोलन में शामिल-चुम्मन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल ठेका कर्मचारी कल्याण संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष चुम्मन लाल साहू ने बताया कि 26 दिसंबर को प्रथम चरण में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं मुख्यमंत्री निवास का घेराव संघ के हजारों कर्मियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारी विगत 15 वर्षों से कार्यरत हैं और शोषित होते आ रहे हैं।

विद्युत विभाग ठेका कर्मचारी कल्याण संघ मुख्यमंत्री को इस प्रदर्शन के द्वारा याद दिलाएगा कि कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में ठेका प्रथा बंद करने का उल्लेख किया गया है, जिस पर अमल कर शोषण प्रथा बंद कराएँ। अगर सरकार उनकी मांग जल्द पूरा नहीं करती तो आंदोलन अगले चरणों में उग्र रूप लेगा।

संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारी जैसे कॉल सेंटर ऑपरेटर, सब स्टेशन, एफओसी, मेंटेनेंस ठेका कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, ड्राइवर, गार्ड एवं अन्य टेक्निकल में कार्यरत 80 फीसदी ठेका कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर सही पेमेंट नहीं मिलता है और 50 प्रतिशत कर्मचारी का ईपीएफ जमा नहीं किया जाता। ईएसआईसी का 50 प्रतिशत कर्मियों को ही लाभ मिल पाता है। कार्य के दौरान दुर्घटना हो जाने या मृत्यु हो जाने पर ठेकेदार और विभाग के द्वारा कोई मदद के लिए सामने नहीं आते। विद्युत विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारी गर्मी, बारिश, ठंड, हवा-तूफान, कोरोना संक्रमण काल, हर स्थिति में अपने कार्य को महज सात से आठ हजार में अपने हाई रिस्क कार्य को पूरे लगन से कर रहे हैं, इसलिए प्रदर्शन के माध्यम से ऊर्जा मंत्री भूपेश बघेल से ठेका प्रथा को समाप्त कर विद्युत विभाग में समायोजित करने की मांग संघ द्वारा की जाएगी।

संघ की मांग है कि पंजाब और हरियाणा सरकार के द्वारा कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी को दिए जा रहे वेतन के समान यहां भी वेतन दिया जाए, दुर्घटना बीमा एवं आकस्मिक मृत्यु बीमा दिया जाए, न्यूनतम 18 हजार रुपए वेतन दिया जाए।
 


अन्य पोस्ट