दुर्ग

सत्ता का दुरूपयोग कर कांग्रेस ने जीत हासिल की- सांसद
24-Dec-2021 6:50 PM
सत्ता का दुरूपयोग कर कांग्रेस ने जीत हासिल की- सांसद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 24 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव संपन्न हो गया है। जिसका परिणाम जारी हो गया है। परिणाम आने के बाद दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भारतीय जनता पार्टी के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त कर धन्यवाद ज्ञापित किया है। सांसद बघेल ने कहा हम सभी देवतुल्य मतदाताओं का आभार व्यक्त करते है, जिन्होंने अपना बहुमूल्य मत भारतीय जनता पार्टी के समर्थित प्रत्याशियों को दिया। हम सभी मतदाताओं के भावनाओं का सम्मान करते है।

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने सत्ताधीन कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अपने सत्ता का दुरुपयोग और विभिन्न प्रपंच व षड्यंत्र कर जीत हासिल की है। सारे काले हथकंडे अपनाने के बाद जिस जीत की उम्मीद कांग्रेस को थी वो उन्हें नहीं मिल पाई।

सांसद बघेल ने आगे कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ने अपने सत्ता का दुरुपयोग करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग और उनके नियमों को भी तार-तार कर दिया है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने आचार संहिता का खुला उल्लंघन किया है। जिसका उदाहरण संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे है जिसकी शिकायत भी की गई थी।

भिलाई के कांग्रेस विधायक मतगणना के पहले स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने चला गया। बिरगांव के एक दो मंजिल घर में ही 350 वोटरों का ठिकाना था तो कही मतदाताओं के नाम को ही विलोपित कर दिया गया था। मतदाता के मतदान केंद्र पहुंचाने से पहले ही उनके नाम से मतदान हो गया था। इतना फर्जीवाड़ा लोकतंत्र के इतिहास में शायद कभी नहीं हुआ होगा। आश्चर्य की बात तो ये है कि मध्यरात्रि को राज्य निर्वाचन आयोग आदेश जारी कर निगम चुनाव में मतदान के लिए किसी प्रकार का पहचान पत्र नहीं मतदाता पर्ची ही काफी है का आदेश देना फर्जी मतदान को बढ़ावा देने की ओर अंकित करता है। भिलाई में बौखलाएं सत्ताधीशों ने चुनाव के पूर्व ही भाजपा प्रत्याशी के पोस्टरो को फाड़ दिए थे।


अन्य पोस्ट