दुर्ग
मंच पर विशालकाय डायनोसोर और 12 फुट की मूर्ति होगी गायब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 दिसंबर। इस्पात नगरीवासियों के मनोरंजन के लिए 24 दिसंबर से 18 जनवरी तक सेक्टर-2 में प्रयागराज के उभरते जादूगर सम्राट शहंशाह अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
आज पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए जादूगर शहंशाह ने बताया कि जादू तंत्र मंत्र नहीं बल्कि वैज्ञानिक कला और हाथ की सफाई ही है। भिलाई में 24 दिसम्बर से लोग मंच पर 12 फीट की मूर्ति तुरंत गायब करने सहित अनेक वैज्ञानिक चमत्कार इस शो में देख सकेंगे। बीस लोगों से सुसज्जित टीम के साथ सम्राट शहंशाह के शो में लोगों के स्वस्थ्य मनोरंजन के लिए सेक्टर-2 गणेश पंडाल भिलाई विद्यालय के पास प्रतिदिन सोमवार से शनिवार जादू का दो शो और रविवार तथा अवकाश के दिन तीन शो का आयोजन होगा। यह प्रदर्शन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे और शाम 6 बजे एवं रविवार तथा अवकाश के दिन 3 शो दोपहर 1 बजे, 3:30 बजे एवं शाम 6 बजे होगा।
सम्राट शहंशाह लगभग 5 वर्ष से देश के विभिन्न शहरों में जादू रूपी मनोरंजन की कला लोगों तक पहुंचा रहे हैं। लवकुश मिश्रा उर्फ जादूगर सम्राट शहंशाह ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में इतने कम समय में ही अपने नये-नये करतबों के कारण जादू के क्षेत्र में अलग ही मुकाम बनाया है। जादूगर सम्राट शहंशाह ने कहा कि जादू लोगों का स्वस्थ्य मनोरंजन ही नहीं बल्कि सामाजिक बुराईयों और कुरीतियों को खत्म करने का प्रयास भी है। उन्होंने पांच वर्षों में 17 हजार से अधिक शो किए हैं। जादू से हकीकत में जादुई मंच पर डायनासोर और 12 फीट की मूर्ति को मंच से देखते ही देखते गायब करने के साथ ही वे कई ऐसे करतब दिखाते है कि दर्शक एकदम रोमांचित हो उठते हैं।