दुर्ग
कहा-हम विशाल विजय की ओर बढ़ रहे हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 दिसंबर। कल भारतीय जनता पार्टी के सुपेला स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय में भिलाई नगर निगम चुनाव के भाजपा के सभी 70 पार्षद प्रत्याशियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें पूर्व केबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, वैशाली नगर से विधायक विद्यारतन भसीन, भिलाई नगर निगम चुनाव के प्रभारी एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पांडेय, शिरीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, महामंत्री मार्कण्डेय तिवारी, शंकरलाल देवांगन उपस्थित थे।
बैठक में भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि हम नगर निगम अपनी जीत से आश्वस्त हैं, जिस तरह से कार्यकर्ताओं के मन में उत्साह एवं जनता ने जो समर्थन किया है, इससे स्पष्ट नजर आ रहा है कि हम विशाल विजय की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने सभी प्रत्याशियों से जल्द से जल्द मतदान अभिकर्ता बनाने के निर्देश दिए एवं ऐसे व्यक्ति को अभिकर्ता बनाने को कहा कि जो वरिष्ठ हो सूझ-बूझ वाला हो और पहले भी मतदान अभिकर्ता का कार्य कर चुका हो।
प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस भय का वातावरण निर्मित कर कथित तौर पर जीत की बात कह रही थी, लेकिन जिस तरह से जनसमर्थन का भाजपा के प्रति रुझान देखने को मिला, हमारी जीत निश्चित है।
विद्यारतन भसीन ने कहा कि हमें जनसमर्थन से स्पष्ट हो रहा है कि हम बेहतर प्रदर्शन कर जनता की सेवा के लिए हमेशा की तरह कार्य करते रहेंगे। राकेश पांडेय ने कहा भिलाई में इस बार निश्चित ही भाजपा का कमल निशान खिलने वाला है। हम अपनी जीत के प्रति आस्वस्त हैं। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद प्रत्याशीगण एवं सभी कार्यकर्तागण उपस्थित थे।