दुर्ग

पिकनिक मनाने निकलीं और गुम हुई 3 बच्चियाँ 24 घंटे के भीतर खोज ली गईं
21-Dec-2021 9:16 PM
पिकनिक मनाने निकलीं और गुम हुई 3 बच्चियाँ 24 घंटे के भीतर खोज ली गईं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर।
कुम्हारी से गुमशुदा बच्चियों को 12 घंटे के भीतर कुम्हारी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

गौरतलब हो कि 20 दिसंबर को तीन बच्चियों के एक साथ घर से गुम जाने की सूचना मिलने पर एसएसपी बद्रीनारायण मीणा के निर्देशन में एएसपी  संजय ध्रुव एवं सीएसपी विश्वास चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुम्हारी के द्वारा तत्काल टीम बनाकर दुर्ग भिलाई और रायपुर रवानगी की गयी।

 पतासाजी पर यह बात पता चली कि तीनों बच्चियाँ जिनकी उम्र 10, 9 और 8 वर्ष है, कुम्हारी से बस में बैठकर दुर्ग के लिये निकली थीं। तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी थानों को उक्त तीनों बच्चियों का फोटो लेकर वाट्सअप के माध्यम से सोशल मिडिया तथा दुर्ग, भिलाई रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड पर तलाश की गई। सायबर सेल से मोबाईल का लोकेशन तथा रायपुर, तिल्दा नेवरा, भाठापारा, बिलासपुर के रेल्वे पुलिस स्टाफ को बच्चियों की फोटो भेजकर ट्रेनों में तलाश हेतु सूचना दी गई।

रायपुर रेल्वे पुलिस को प्लेटफार्म पर तीन नाबालिग बच्चियां रोती हुई मिलीं। इसकी सूचना रेल्वे पुलिस रायपुर द्वारा कुम्हारी पुलिस दिये जाने पर तत्काल गुम बच्चों की परिजनों को बताकर साथ लेकर रायपुर रेल्वे पुलिस थाना पहुंचकर बच्चों से पूछताछ की गयी। तीनों ने पिकनिक मनाने घर से बैग लेकर निकलना बताया तथा किसी प्रकार का घटना नहीं होना बताया। इसके उपरांत बच्चों को उसके माता-पिता को सकुशल सौंपा गया।


अन्य पोस्ट