दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 दिसंबर। सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में शीघ्र ही ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना की जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शासकीय चिकित्सालय सुपेला के प्रभारी चिकित्सक पीएम सिंह ने बताया कि ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए मशीन खरीद ली गई है, जिससे ब्लड की क्रॉस मैचिंग की जाएगी। इसके लिए फ्रीजर, ऑटो मशीन एवं कमरे का संधारण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस यूनिट के प्रारंभ होने से आसपास के लोगों को लाभ मिलेगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि इसके लिए प्लेटफार्म कमरे की पुताई तथा मेंटेनेंस का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
गौरतलब हो कि इसके पूर्व मरीजों को ब्लड बैंक के लिए भटकना पड़ता था, तथा अधिक रकम देनी पड़ती थी।इस यूनिट के प्रारंभ हो जाने से अब यह समस्या दूर हो जाएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर चिकित्सा प्रबंधन पूरी तैयारी से लगा हुआ है।