दुर्ग

कर्मशीलता की मिसाल थे मोतीलाल वोरा-गृहमंत्री
21-Dec-2021 5:39 PM
 कर्मशीलता की मिसाल थे मोतीलाल वोरा-गृहमंत्री

कांग्रेसियों ने सादगी से मनाया वोरा का जन्मदिन, किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 दिसंबर। देश की राजनीति में अविभाजित मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं दुर्ग जिले का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित कराते हुए 55 वर्षों के राजनीतिक सफर के बाद भी बेदाग, छवि के साथ पार्षद पद से मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री एवं राज्यपाल जैसे शीर्ष पदों को सुशोभित करने वाले नेता मोतीलाल वोरा का जन्मदिन प्रदेश भर में सादगी से मनाया गया। उनके गृह नगर दुर्ग में सुबह से ही नवनिर्मित राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला।

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू व मोतीलाल वोरा के बेटे कांग्रेस विधायक अरुण वोरा की अगुवाई में जिले भर के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं समेत युकां प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष समेत सभी नेताओं ने शिरकत की।

इस अवसर पर वोरा जी के स्वच्छ एवं बेदाग राजनीतिक जीवन को याद करते हुए गृहमंत्री साहू ने कहा कि कर्मशीलता की जो मिसाल मोतीलाल वोरा ने कायम की है वहां तक पहुंच पाना आसान नहीं है। स्कूटर से चुनावी प्रचार के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि फर्श से अर्श तक का ऐसा सफर एक सच्चा इंसान ही पूरा कर सकता है।

विधायक अरुण वोरा ने भी अपने पिता के साथ संस्मरण साझा करते हुए कहा कि जनता एवं पार्टी के काम करने की उनकी करबद्धता की मिसाल आज भी राष्ट्रीय स्तर पर दी जाती है। बड़े पदों पर रहने के बाद भी दुर्ग शहर के लोगों के लिए बाबूजी की आत्मीयता एवं अपनापन सदैव अनुकरणीय है।

गौरतलब है कि 20 दिसंबर को श्री वोरा के जन्मदिन के बाद 21 दिसंबर को उनकी पुण्यतिथि भी है जिसे कांग्रेसजनों द्वारा शिवनाथ मुक्तिधाम स्थित उनके समाधि स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना एवं श्रद्धांजलि देकर मनाया गया।

राजीव भवन में वोरा के जन्मदिन पर महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, प्रदीप चौबे, समस्त एमआईसी, पार्षद गण, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व महापौर आर एन वर्मा, राजेन्द्र साहू महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं जनसामान्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट