दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 दिसंबर। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए भिलाई एवं रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आज दौरा किया, वहीं प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी भिलाई और रिसाली के अनेक वार्डों में पहुंच कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क किया।
श्री मरकाम ने कहा कि 3 वर्षों में छत्तीसगढ़ राज्य को अपनी वास्तविक छत्तीसगढिय़ा पहचान दिलाते हुए विकास और न्याय के नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। इसमें हमारे पुरखों ने छत्तीसगढ़ राज्य के लिए जो सपने देखे थे, वो हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरे किए हैं।

जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ करके शहरी जनता को बहुत बड़ी राहत दी है। शहरी इलाकों में सफाई और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम कांग्रेस की सरकार ने किया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के 36 प्रमुख वायदों में से 30 से अधिक वायदों को पूरा कर चुकी है और अन्य महत्वपूर्ण वायदों को पूरा करने के लिये कार्यवाहियां शुरू की जा चुकी हैं।
कांग्रेस से प्रदेश काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम, केबिनेट मंत्री गुरु रुद्र कुमार, विधायक देवेंद्र यादव, विधायक अरुण वोरा, भुनेश्वर बघेल, कुलदीप जुनेजा, श्रीमती लक्ष्मी धुर्व ने भिलाई एवं रिसाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने के लिए नुक्कड़ सभा आयोजित कर विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने की अपील की।


