दुर्ग
सीसीटीवी, आक्सीजन पार्क, कौशल विकास प्रशिक्षण शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 दिसंबर। भिलाई-3 चरोदा निकाय चुनाव के लिए भाजपा चुनाव प्रभारी व पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक शिवरतन शर्मा, बिहार के मंत्री नितीन नवीन, अशोक बजाज, साँवला राम डाहरे, सीता साहू, चंद्रकांता मांडले ने आज शाम भाजपा कार्यालय में घोषणा पत्र जारी किया।

घोषणा पत्र में स्थानीय उद्योगों में स्थानीय लोगों को काम, पॉलीटेक्निक महाविद्यालय एवं आईटीआई सहित कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र, प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना को सभी घरों में क्रियान्वित कर प्रत्येक घर में शुद्ध जल की नल से व्यवस्था, गरीब और मजदूरों को आबादी भूमि का पट्टा, औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री एक्ट का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर गरीबों के लिये सभी तरह के कार्यक्रम के लिये सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण, कन्या महाविद्यालय एवं कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल का निर्माण का प्रयास, सभी वार्डों में राशन दुकान एवं आंगनबाड़ी का निर्माण, श्रमिकों के बच्चों के लिये झूलाघर का निर्माण, उद्योगों के साथ मिलकर भिलाई 3-चरोदा नगर निगम क्षेत्र का चरणबद्ध विकास, औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण ऑक्सीजन उद्यान का निर्माण कराया जाएगा, कवर्ड नाली निर्माण एवं सडक़ों को धूलमुक्त किया जाएगा। भारी संख्या में बाहरी लोगों के आने-जाने के कारण जनसुरक्षा हेतु सभी वार्डों व प्रमुख मार्गों में सीसीटीवी कैमरा लगवाया जायेगा, 100 बिस्तर का अस्पताल ट्रामा व श्वसन संबंधी रोगों के उपचार हेतु 24ङ्ग7 सर्वसुविधायुक्त अस्पताल का निर्माण, निगम क्षेत्र को सही आकार देने के लिये सभी बिजली खम्बों का विस्थापन एवं सभी चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, विशेषज्ञों की सलाह से सभी तरह के प्रदूषण को समाप्त कर प्रदूषण मुक्त भिलाई 3 चरोदा नगर निगम क्षेत्र का निर्माण किया जायेगा, नौजवानों के लिए सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण शामिल हैं।


