दुर्ग

बिहार में खत्म कर दिया तो छत्तीसगढ़ में भी नहीं रहेगी बाहुबली प्रथा वाली कांग्रेस सरकार-नितिन नवीन
17-Dec-2021 6:24 PM
बिहार में खत्म कर दिया तो छत्तीसगढ़ में भी नहीं रहेगी बाहुबली प्रथा वाली कांग्रेस सरकार-नितिन नवीन

कमीशन, करप्शन और क्राइम कांग्रेस पार्टी की पहचान- रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी की विशाल आम सभा कल वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड में हुई। कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद संतोष पाण्डेय, निगम चुनाव संचालक भूपेंद्र सवन्नी,  सांसद विजय बघेल, प्रेम प्रकाश पांडेय, विद्यारतन भसीन, संतोष बाफना, संजय श्रीवास्तव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश पाण्डेय, पूर्व महापौर दुर्ग चंद्रिका चंद्राकर,  जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, पूर्व महापौर निर्मला यादव एवं क्षेत्र के भाजपा पार्षद पद के प्रत्याशी उपस्थित रहे।

सभा में अपार जनसमूह को सम्बोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ में एक और कर्ज के ऊपर कर्ज ले रही है तो दूसरी ओर प्रदेश की जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं से मरहूम रख रही है। नगरी निकाय मंत्री प्रदेश में घूम घूम कर जमीन अपने नाम कर रहे हैं, केंद्र सरकार से आए हुए आवास योजना को इस सरकार ने लौटा दिया। कांग्रेस की सरकार लौटी है तो यह सोचने लगे कि बाहुबली अब हम बन के रहेंगे, जब बिहार में हम लोगों ने बाहुबलियों को खत्म कर दिया तो फिर यहां इन्हें हम पनपने नहीं देंगे और यह सब तब संभव है जब आप सभी का मत रूपी आशीर्वाद है भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को प्राप्त हो।

डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि मुझे मालूम है कि पार्षद का पद क्या होता है, क्योंकि मैंने भी अपना राजनीतिक जीवन की शुरुआत पार्षद पद से की है। भूपेश बघेल की सरकार को हटाने के लिए आप लोगों का एक वोट महत्वपूर्ण है, आप लोगों ने देखा होगा कि आईपीएल के क्रिकेट में क्रिकेटर की नीलामी होती है उसी तरह प्रदेश में कलेक्टर और एसपी की पोस्टिंग भी  बोली के हिसाब से होती है। कांग्रेस पार्टी की पहचान कमीशन क्राइम और करप्शन है, इन्होंने हर तरफ लूट खासोट का माहौल तैयार कर दिया है।

निगम चुनाव संचालन प्रभारी राजनांदगांव संसद संतोष पांडेय ने कहा इस्पात नगरी के मतदाता फौलादी मन से बिल्कुल मजबूत हैं और उन्होंने मन बना लिया है कि इस कांग्रेस सरकार को जड़ से हटाना है। इन्होंने कवर्धा एक नेता को उनकी गाड़ी से उतरने नहीं दिया और खुले तौर पर पुरजोर विरोध दर्ज कराते हुए वापस लौटा दिया। यह साबित करता है कि हम वापस आ रहे हैं, इस्पात नगरी के मतदाता पूरी तरह तैयार हैं।

भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से झूठ के पुलिंदो में बनी सरकार है। सत्ता में आने के पूर्व बड़े-बड़े वायदे किए थे। नल कनेक्शन फ्री में लगाएंगे, बिजली बिल हाफ करेंगे और भी तरह-तरह की बातें हैं पर यह पूरी तरह से बेमानी साबित हुई हैं।

सांसद विजय बघेल संबोधित करते हुए कहा कि लोगों का उत्साह और जन समर्थन देखकर मुझे पूरा यकीन है कि हम जीत रहे हैं और इस सरकार की ताबूत पर आखिरी कील ठोकने वाले हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि आगामी 20 तारीख को होने वाले मतदान बहुत अलग हैं, पहले आप सभी को 2 वोट मिलते थे इस बार सिर्फ एक मत करना है और यह एक मत सोच समझकर हम सभी को देना क्योंकि हमारा एक वोट हमारा पार्षद चुनेगा और हमारा पार्षद हमारा महापौर बना पाएगा। विधायक विद्या रतन भसीन ने कहा कि जन जन का समर्थन इस नगरी निकाय चुनाव में हमें देखने को मिल रहा हैं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पांडेय ने कहा कि आप सभी का प्रेम और विश्वास इस बार पुन: भारतीय जनता पार्टी को प्राप्त होगा। लोगों की निगाहें भारतीय जनता पार्टी की ओर बड़े विश्वास से देख रही हैं कि इस वादाखिलाफी करने वाली अराजकता फैलाने वाली और भ्रष्टाचार को बढ़ाना देने वाली सरकार को इस नगरी निकाय चुनाव में मात देते हुए 2023 के होने वाले चुनाव में अपनी चेतावनी जारी करते हैं कि बस अब बहुत हुआ नहीं चाहिए भूपेश बघेल सरकार। कार्यक्रम में समस्त वार्ड के भाजपा प्रत्याशी, पदाधिकारी कार्यकर्तागण व मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट