दुर्ग
जिले में 171 वार्डों के लिए सात सौ से ज्यादा मतदान केंद्र की तैयारियां पूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 दिसंबर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने कल दुर्ग जिले में चल रहे निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक ली।
भिलाई नगर निगम के सभागार में बैठक लेते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग आसानी से निर्भीक हो कर कर सकें, इसके पूरे इंतजाम किए गए हैं। आम मतदाता को कोई तकलीफ न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर्स को निष्पक्ष और बेहतर चुनाव करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी 4 निकायों के ऑफिसर से कोविड-19 प्रोटोकाल के नियम और आयोग द्वारा स्थापित मतदान और मतगणना संबंधी तैयारियों की जानकारी ली।
आयुक्त ने बताया कि 20 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दुर्ग जिले में भिलाई नगर निगम, भिलाई चरौदा और और रिसाली नगर निगम सहित जामुल नगर पालिका के लिए अलग-अलग मतदान और मतगणना स्थल की व्यवस्था की गई है। जिले के कुल 171 वार्डों में चुनाव होंगे, जहां 700 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले के चार निकाय क्षेत्रों के 6 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने बैठक में सभी अधिकारियों को निष्पक्ष और सारगर्भित बेहतर मतदान कराने की ट्रेनिंग दी।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसएन भूरे सहित नगर निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई तीन चरौदा और नगर पालिका जामुल के रिटर्निंग अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब हो कि जिले में भिलाई नगर निगम सहित भिलाई तीन चरौदा, रिसाली नगर निगम सहित जामुल नगर पालिका के 170 वार्डों के लिए चुनाव हो रहे हैं, 20 दिसंबर को मतदान होना है और 23 को मतगणना होनी है। नवगठित रिसाली नगर निगम के 40 वार्ड, भिलाई निगम के 70, भिलाई चरोदा नगर निगम के 40 और जामुल नगर पालिका के 20 वार्ड शामिल हैं।


