दुर्ग
भाजपा प्रत्याशी पीयूष मिश्रा ने की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 दिसंबर। भिलाई नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर से भाजपा प्रत्याशी पीयूष मिश्रा ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित दुर्ग जिले के आला अधिकारियों को कांग्रेस द्वारा चुनाव कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत कर चुनाव कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने वाले औऱ भय का माहौल बनाने वाले कांग्रेसियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों द्वारा खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है, जिस पर ठोस कार्रवाई किया जाना जरूरी है। यह शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक छावनी तथा पुलिस निरीक्षक, छावनी से की गई है।
श्री मिश्रा ने बताया कि विगत कुछ दिनों से कांग्रेस पार्टी के द्वारा लगातार भाजपा के चुनावी कार्यक्रम में लगे सहयोगियों को डराने, धमकाने एवं कार्यक्रम में आतंक एवं भय का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन है। 14 दिसंबर को सोनिया गांधी नगर में भाजपा कार्यालय उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने भाजपा समर्थकों की गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया, जिसकी सूचना प्रशासन को दी गई है। 15 दिसंबर को भाजपा की चुनावी सभा स्थल पर पहुंच कर विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। जिसके प्रत्यक्षदर्शी छावनी थाना के पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल है। उक्त कार्यक्रम में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय मंचासीन थे, उनके सम्मुख आकर विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी से अप्रिय घटना होते होते बच गयी।
आज 16 दिसंबर को शाम 6 बजे आमसभा सुनियोजित है, जिसमें वार्ड 38 के अतिसंवेदनशील होने के कारण तथा उक्त घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबल की व्यवस्था करने की मांग उन्होंने की है।


