दुर्ग
दलों को किट में सेनेटाइजर भी दिया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 16 दिसंबर। नगरीय निकायों के निर्वाचन को देखते हुए तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बुधवार को भिलाई निगम सभाकक्ष में ली।
श्री सिंह ने कहा कि आयोग के निर्देशों के मुताबिक मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा आदि की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। कोविड प्रोटोकाल का पालन बेहद जरूरी है। सभी पोलिंग एजेंट का वैक्सीनेशन जरूरी है। इसके अलावा मतदान के कार्य में लगे अन्य लोगों का वैक्सीनेशन भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मताधिकार सबके लिए है। यदि कोई कोविड मरीज भी मतदान डालना चाहता है तो उसे मतदान करने दिया जाएगा। इसकी वजह से अन्य मतदाताओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन इनसे समन्वय कर कोविड मरीज के मतदान का समय नियत कर देगा। कोविड मरीज को पीपीई किट आदि पहन कर ही मतदान करना होगा।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि कोविड प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखा गया है। मतदान दलों को जो किट दिये जाएंगे, उसमें भी सैनिटाइजर दिया जाएगा। इसके अलावा मतदान केंद्रों में भी सैनिटाइजेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आयुक्त ने कहा कि रिटर्निंग आफिसर प्रत्याशियों को जुलूस रैली आदि की अनुमति के आवेदन पर निर्णय समयावधि में दें। बिना अनुमति जुलूस रैली आदि पर प्रत्याशियों को नोटिस जारी करें। जिन प्रत्याशियों द्वारा व्यय की नियमित जानकारी नहीं दी जा रही है, उन पर भी नियमानुसार कार्रवाई करें। औद्योगिक श्रमिकों को भी मतदान के लिए समय मिल सके, इसके लिए आयोग ने निर्देश दिये हैं। इंडस्ट्रियल एरिया होने की वजह से इस संबंध में विशेष रूप से ध्यान रखने की जरूरत है कि औद्योगिक श्रमिकों को मतदान के लिए वक्त मिल पाए। मतदान और मतगणना के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के साथ ही हेल्थ स्टाफ की नियुक्ति भी सुनिश्चित करें। मतदान दलों के प्रशिक्षण में एवं राजनीतिक दलों की बैठक में कोविड प्रोटोकाल के संबंध में जरूर बताएं।


