दुर्ग

जीई रोड निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी
15-Dec-2021 9:18 PM
जीई रोड निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी

वोरा ने पीडब्लूडी के ईएनसी से की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 दिसंबर।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कल विधानसभा परिसर में पीडब्लूडी के इंजीनियर इन चीफ  वीके भतपहरी से जीई रोड निर्माण कार्य की धीमी गति की शिकायत की। वोरा ने कहा कि 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। सभी निर्माण कार्यों के साथ ही सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाना जरूरी है।

भतपहरी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रोजेक्ट के सभी कार्यों में तेजी आएगी। विभागीय अफसरों को इस संबंध में कड़े निर्देश दिये जाएंगे। वोरा ने मिनीमाता चौक और मालवीय चौक में जीई रोड के चौड़ीकरण का काम रुक-रुक कर चलने पर नाराजगी जताई। विकास कार्य अधूरे होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वोरा ने कहा कि 12 करोड़ की लागत से जीई रोड पर प्रकाश व्यवस्था का काम भी शुरू नहीं हुआ है। इस कार्य का टेंडर हो चुका है, लेकिन अभी तक यह काम प्रारंभ नहीं हुआ। वोरा ने बताया कि दुर्ग शहर में विधायक निधि से 87 लाख रुपए की लागत से प्रकाश व्यवस्था और क्रेडा के माध्यम से 50 लाख की लागत से सोलर लाइट सिस्टम लगाने का काम भी प्रारंभ किया जाना है। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में सभी कांग्रेस विधायकों की बैठक में भी वोरा ने विकास कार्यों की गति धीमी होने का मुद्दा उठाया था। सीएम के समक्ष हुई बैठक में वोरा ने इस संबंध में शिकायत की। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
आपको बता दें कि वोरा पूर्व में कई बार पीडब्लूडी और नगर निगम के विकास कार्य कछुआचाल से होने पर नाराजगी जता चुके हैं।
 


अन्य पोस्ट