दुर्ग

नए वर्ष में 138 लाख से शहर में बिखरेगी रौशनी
15-Dec-2021 5:47 PM
नए वर्ष में 138 लाख से शहर में बिखरेगी रौशनी

सार्वजनिक स्थलों में हाई मास्ट से अंधेरे से मिलेगी मुक्ति-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 दिसंबर।
शहर के कई प्रमुख स्थानों एवं चौक चौराहों में प्रकाश की कमी की समस्या लगातार बनी हुई थी। आम जनता की लगातार शिकायत एवं मांग पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने पहल कर राशि स्वीकृत की है। जिसमें अब 14 स्थानों को चयनित कर 87 लाख रु की विधायक निधि से हाई मास्ट लाइट एवं 50 लाख की लागत से 10 स्थानों पर सोलर लाइट लगाई जाएगी।

नए वर्ष के आगाज के साथ ही इंदिरा मार्केट, नयापारा, बैगा पारा, शंकर नगर, जेल तिराहा, पोटिया, बोरसी हाई मास्ट लाइट से एवं गंज मंडी, शक्ति नगर, गौरव पथ, आयुर्वेदिक अस्पताल में सोलर लाइट सहित कुल 24 स्थानों से अंधेरे से निजात मिलेगी। शहर के अंदरूनी मार्गों में भी अंधेरा दूर करने के लिए विधायक वोरा की करोड़ों की निधि से धमधा रोड, जिला चिकित्सालय, नया एवं पुराना बस स्टैंड, चंडी मन्दिर एवं अग्रसेन चौक में प्रकाश व्यवस्था की गई है।

नवनिर्मित ठगड़ा बांध ओवरब्रिज के बाद अब गंजपारा ब्रिज एवं धमधा नाका राजीव सेतु में भी सौंदर्यकरण करने खम्बों पर रंगीन रोप लाइट लगाई जाएगी। साथ ही 12 करोड़ की लागत से नेहरू नगर चौक से अंजोरा तक के मुख्यमार्ग को दूधिया प्रकाश से रौशन किया जाएगा।

श्री वोरा ने कहा कि जनता को नए वर्ष में जगमग शहर की सौगात मिलेगी। शहर के हर हिस्से एवं मुख्य मार्ग के रौशन होने से जनता को अंधेरे के भय से मुक्ति मिलेगी साथ ही दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। स्थल चयनित करने के दौरान क्रेडा के जिला अधिकारी टी आर धु्रव, उप अभियंता हरीश श्रीवास्तव,एमआईसी शंकर ठाकुर, हेमेश्वरी निषाद, जयश्री जोशी, निर्मला साहू, एल्डरमैन राजेश शर्मा मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट