दुर्ग
भाजपा से डॉ. रमन, विष्णुदेव, प्रेम प्रकाश तो कांग्रेस से मो.अकबर, गिरीश और देवेंद्र भिलाई की गलियों में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 दिसंबर। दुर्ग जिले के तीन नगर निगम और एक पालिका सहित पंचायत के लिए होने मतदान के लिए भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियां प्रचार तेज कर चुकी हैं। आज भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय भिलाई के बैकुंठधाम और वैशाली नगर में चुनाव प्रचार कर रहे हैं वहीं कांग्रेस की तरफ मंत्री रुद्र गुरु, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और मंत्री मोहम्मद अकबर अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जनसम्पर्क कर रहे हैं।
जनता को रिझाने के लिए एक ओर भाजपा आरोप लगा रही है कि कांग्रेस ने तीन सालों में विकास करने की जगह सिर्फ भाजपा के कार्यों का फीता काटने का काम किया है वहीं कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव विकास को लेकर भाजपा नेताओं को चौराहों पर चर्चा करने ललकार रहे हैं। प्रदेश के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर और कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन ने विधायक देवेंद्र यादव के आवास में कल बैठक ली।
उन्होंने मीडिया से कहा कि विधायक देवेंद्र यादव के महापौर और विधायक रहते भिलाई में काफी काम हुआ है। क्षेत्र का विकास बता रहा है कि यहां कांग्रेस की स्थिति काफी अच्छी है जिससे भाजपाई बौखला गए हैं। बौखलाहट में कोई कुछ भी बोले तो हमें उसमें जाना नहीं है। हमारा पॉजिटिव आस्पेक्ट है और हम उसी सोच के साथ आगे बढ़ेंगे।
कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन ने कहा कि कांग्रेस सभी जगह चुनाव जीत रही है। इसी बौखलाहट में भाजपा के नेता गलत बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस की स्थित इतनी अच्छी है कि वह सभी जगह अपनी नगर सरकार बनाएगी।
वहीं भाजपा से जिले के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की चुनौती को स्वीकार किया है। 20 दिसंबर को इस चुनौती का जवाब भिलाई की जनता उन्हें देगी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सभा 14 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। पश्चिम मंडल हुडको में जिले के सभी नेता मौजूद रहेंगे।
भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव का कहना है कि भाजपा के पास आरोप लगाने के अलावा कोई दूसरा काम नहीं है। मैं उनको बोल रहा है कि विकास को लेकर कोई बात है तो आएँ न, मैं उनसे बात करने को तैयार हूं।


