दुर्ग

पानी पहुंचाने निजी वाहन लगा कर करवाएंगी बोर, नि:शुल्क प्रशिक्षण के वायदे से महिला और युवाओं में लोकप्रिय हुई कीर्ति प्रदीप कुमार
14-Dec-2021 6:12 PM
 पानी पहुंचाने निजी वाहन लगा कर करवाएंगी  बोर, नि:शुल्क प्रशिक्षण के वायदे से महिला और युवाओं में लोकप्रिय हुई कीर्ति प्रदीप कुमार

वार्ड-21 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में घर-घर दे रहीं दस्तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 14 दिसंबर। वार्ड के हर घर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने कैलाश नगर और कुरुद गाँव में जहां पाईप लाईन नहीं पहुँचेगी, वहां निजी वाहन से बोर करवाने का संकल्प घर-घर पहुंचा रही वार्ड-21 की निर्दलीय प्रत्याशी कीर्ति प्रदीप कुमार इन दिनों काफी चर्चा में हैं। इस वार्ड में नालियों का चौडीक़रण, व्यवस्थित सडक़ें, सडक़ो के किनारे पेवर ब्लाक, अंधेरी गली तक प्रकाश की व्यवस्था करना भी कीर्ति प्रदीप कुमार के संकल्प पत्र में शामिल है।

घर-घर जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने बताया कि वार्ड की माताओं एवं बहनों को आत्मनिर्भर स्वावलंबी बनाने के लिए ट्रेनिंग व क्लासेस आयोजन तो वो करेंगी ही साथ ही आर्मी, पुलिस, बीएसएफ, सीआईएसएफ, नेवी, फायर फोर्स ज्वाईनिंग के लिए युवाओं को ऑफिसर द्वारा विशेष ट्रेनिंग व हर वर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन इस वार्ड में किया जायेगा। ब्लड बैंक के माध्यम से वार्डवासी को सरलतापूर्वक ब्लड पहुँचाने वे कृत संकल्पित हैं। वृद्धा पेंशन सहित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र नि:शुल्क बनवाना पार्षद के रूप में उनकी प्राथमिकता होगी। पार्षद चुने जाने पर एक माह के भीतर वार्ड के लिए नि:शुल्क एम्बूलेंस व बैटरी चलित वाहन की नि:शुल्क सुविधा वार्ड के प्रत्येक गरीब परिवार के लिए होगी।

चुनाव चिन्ह टेलीफोन पर मतदान के लिए समर्थन मांग रहीं कीर्ति प्रदीप कुमार ने बताया कि कुरुद में मुक्तिधाम को सर्वसुविधायुक्त बनाना एवं वार्ड के बच्चे व बच्चियों के लिए हाकी का फ्लड लाईटयुक्त ग्राउंड भी वार्ड में होगा। घर-घर मतदाताओं तक पहुँच रहीं कीर्ति वार्डवासियों से सारे संकल्प को ईमानदारी के साथ पूरा करने आश्वस्त करते हुए अपने लिए समर्थन मांग रही हैं। उनके साथ जनसम्पर्क में भारी संख्या में महिलाएँ और युवा पहुंच रहे हैं। गौरतलब हो कि युवा नेता व समाजसेवी प्रदीप कुमार का क्षेत्र में बेहतर प्रभाव होने का लाभ उनकी पत्नी कीर्ति प्रदीप कुमार को कैलाश नगर, ढांचा भवन और कुरुद से मिल रहा है।


अन्य पोस्ट