दुर्ग

दो दशक से मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे संत रविदास नगर वार्ड में दस्तक
14-Dec-2021 6:10 PM
  दो दशक से मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे संत रविदास नगर वार्ड में दस्तक

हर घर पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता-मुर्गेश सोनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 14 दिसंबर। नगर निगम भिलाई के वार्ड 37 संत रविदास नगर में भाजपा के प्रत्याशी मुर्गेश सोनी ने सोनकर मोहल्ला, इमाम बाडा़, चटाई क्वार्टर, सर्कुलर मार्केट, जवाहर मार्केट और पुलिस लाइन में घर-घर पहुंच कर भाजपा के लिए मतदान करने समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि लगभग 6 हजार लोगों की आबादी वाला यह वार्ड दो दशक से पार्षद की निष्क्रियता का दंश झेल रहा है नतीजतन यहाँ दिन-ब-दिन समस्याएं बढ़ती गईं और लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए अब तक संघर्ष कर रहे हैं।

20 वर्षों से इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कांग्रेस के एक ही परिवार के लोग करते रहे जिन्होंने समस्याओं के निराकरण हेतु कोई पहल नहीं की। यहां पेयजल की समस्या बलवती है, अव्यवस्थित नाली और सफाई के अभाव में पूरे मोहल्ले में मच्छरों का बोलबाला है। निचले स्तर के घरों में पानी, नाली और सडक़ की व्यवस्था न होने से गरीब लोग नरकीय जीवन जीने विवश हैं।

भाजपा प्रत्याशी मुर्गेश सोनी ने कहा कि वो इस वार्ड में ओवरहेड टैंक से हर घर तक पानी पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे। घर-घर पानी पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता होगी। ओवरहेड टैंक के माध्यम से हर घर में दो नल होंगे, एक में पेयजल और दूसरे नल से निस्तारी जल की आपूर्ति होगी। वार्ड के लिए नि:शुल्क शव फ्रीजर, पुराने पट्टों का नवीनीकरण, बुजुर्ग हितग्राहियों के लिए पेंशन, बेरोजगारी भत्ता, स्वास्थ्य हेतु शासकीय योजनाओं का लाभ वार्डवासियों को वो दिलवाने प्रयत्नशील रहेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड में नाली व ड्रेनेज सिस्टम की भूमिगत व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, ऐसा होने से नियमित सफाई संभव होगी और मच्छरों के प्रकोप से मुक्ति मिलेगी। उनके सुपुत्र गोविंदा सोनी की क्षेत्र में सक्रियता और समाजसेवी के चलते युवाओं की बडी़ टीम मुर्गेश सोनी को सहयोग कर रही है।

जनसम्पर्क के दौरान भाजपा नेता मुन्ना आर्य, नासिर भाई, मुकेश सोनकर, संतोष सिंह सहित वार्ड की महिलाएँ और वरिष्ठजन उपस्थित हैं।


अन्य पोस्ट