दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 दिसंबर। वार्डों में गंदगी और समस्याओं से नाराज जनता अपना गुस्सा नगरीय निकाय चुनाव के दौरान निकाल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वार्ड-34 में चुनाव प्रचार करने पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव पर लोग भडक़ गए और वापस जाओ के नखरे जमकर लगाए गए नतीजतन विधायक को उस क्षेत्र से लौटना पड़ा।
गौरतलब हो कि वार्ड-34 शिवाजी नगर में कल भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे तो उन्हें महिलाओं ने समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने समस्याएं दूर करने का आश्वासन देकर जैसे ही भीड़ से जाने की कोशिश की, देवेंद्र यादव वापस जाओ के नारे लगने शुरू हो गए। विदित हो कि रविवार को वार्ड 37 में मंत्री मोहम्मद अकबर को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। हिंदूवादी संगठन ने उनके खिलाफ नारेबाजी कर उन्हें काला झंडा तक दिखा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें भीड़ से बाहर निकाला गया। कल भिलाई नगर विधायक और तात्कालीन महापौर देवेन्द्र यादव शिवाजी नगर वार्ड- 34 के प्रत्याशी राजेश चौधरी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी ने ढोल नगाड़ों के साथ रैली निकाली। देवेंद्र यादव चुनाव प्रचार कर ही रहे थे कि एक जगह पर काफी लोग और महिलाएँ विधायक के पास पहुंची और वार्ड की समस्या गिनाना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि देवेंद्र को महापौर बनाया लेकिन आज तक वह उस वार्ड में झांकने तक नहीं आए। वार्ड में कचरा, नाली जाम, पेयजल जैसी दर्जनों समस्याएं हैं। शिकायत के बाद भी उनका समाधान नहीं हो रहा है। अब वह किस मुंह से वोट मांगने आए हैं।
विधायक यादव ने गुस्सा शांत कराने के लिए हाथ जोडक़र उनकी सभी समस्या जल्द दूर करने की बात कही और भारत माता की जय के नारे लगवाते हुए जाने लगे। तभी लोग देवेंद्र यादव वापस जाओ के नारे लगाने लगे। इसके बाद देवेंद्र यादव वहां से निकल गए।


