दुर्ग

चुनौतियों का सामना करने से सफलता
14-Dec-2021 5:13 PM
चुनौतियों का सामना करने से सफलता

प्रेस क्लब का रंगारंग वार्षिकोत्सव-सम्मान समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 14 दिसंबर। 
प्रेस क्लब कुम्हारी का वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह प्रेस क्लब परिसर में सोल्लास सम्पन्न हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सरस्वती विद्या मंदिर व उदय कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी, जिसका संयोजन प्राचार्य जगभान यादव ने किया पश्चात प्रेस क्लब का प्रतिवेदन सुरेश वाहने ने प्रस्तुत करते हुए क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के  मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के अध्य्क्ष  राजेश्वर सोनकर ने कहा कि- हमे जीवन में  माता पिता और गुरू को कभी नहीं भूलना चाहिए. उनका आशीर्वाद जीवन मे आपको मंजिल तक पहुँचाता है, उसी तरह कलम की ताकत से पत्रकार हमें समाज के सत्य का दर्शन कराता है अर्थात पत्रकार समाज का आईना होता है।

कार्यक्रम के  विशिष्ट अतिथि सत्यप्रकाश दुबे, कुलपति आईसीएफएआई  यूनिवर्सिटी ने सारगर्भित बात रखते हुए कहा -पत्रकार का प्रोफेशन सर्वाधिक चुनौतीपूर्ण होता है. उन्हें जमीन, जमीन के नीचे और अंतरिक्ष की खबरों का संकलन करना होता है. ऐसे जोखिम भरे कार्य में संलग्न पत्रकारों को मेरा सैल्यूट है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से अभिभूत होकर  बच्चों को नगद राशि से पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम के   विशेष अतिथि छालीवुड खलनायक व एंकर मनमोहन सिंह ठाकुर ने कहा  कि कलाकार और पत्रकार का जीवन भी चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन हमें संघर्ष करते हुए तमाम चुनौतियों का सामना करना चाहिए, तभी सफलता हमारे कदम चूमेगी. उन्होंने मुख्य अतिथि राजेश्वर सोनकर की फरमाइश पर अपने अभिनीत फिल्मों व क्राइम शो के वायरल संवादों की प्रस्तुति दी।

चुनौतियों में पत्रकारिता विषय पर प्रमुख वक्ता योगेश मिश्रा, छत्तीसगढ़ हेड सुदर्शन न्यूज ने विस्तार से अपने विचार रखें. उन्होंने कहा -पत्रकारों को आंखों से आंखें मिलाकर सवाल करना आना चाहिए. जहाँ अत्याचार हो रहा है, वहाँ मुखर होना होगा. हमारी चुनौतियाँ मीडिया संस्थानों से तो है ही, सोशल मीडिया भी पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए चुनौतियाँ पेश कर रही है.

इस अवसर पर क्लब के सचिव संजय श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष अजय यादव, विधिक सलाहकार  अधिवक्ता विकास चौधरी व अन्य पत्रकारों ने पत्रकारिता से जुड़े सवाल पूछे, जिसका सटीक उत्तर योगेश मिश्रा ने दिया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष विक्रमशाह ठाकुर ने अध्यक्षीय आसंदी से पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि हम एकजुटता दिखाते हुए स्वच्छ और निष्पक्ष पत्रकारिता करें. बिना किसी दबाव में आए सच्ची खबरें पाठकों तक पहुँचाएँ. आइये, हम हर चुनौतियों का सामना करें और लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को अक्षुण्ण बनाएं रखने मे अपना योगदान दें।

प्रेस क्लब की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त करने वाले अंचल के विशिष्टजनों को शाल, सम्मान पत्र व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।  इस वर्ष कोरोना काल में दिवंगत प्रेस क्लब कुम्हारी के पत्रकार साथी स्व. चन्द्रशेखर साहू की स्मृति में पत्रकारिता सम्मान शुरू किया गया है. यह पहला सम्मान वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मोहन आनंद को प्रदान किया गया है।

 

 

 


अन्य पोस्ट