दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 दिसंबर। कल रात ट्यूशन से लौट रहे दो भाइयों की स्कूटर को वैन चालक सेक्टर-6 में लापरवाही पूर्वक ठोकर मार फरार हो गया। दुर्घटना में स्कूटर सवार दोनों लडक़ों को चोट आई है तथा गंभीर रूप से घायल एक सेक्टर-9 की आईसीयू में भर्ती है। भिलाई नगर पुलिस वैन चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नगर सुपेला निवासी 17 वर्षीय ज्ञानेश कुमार बीएनएस हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। कल रात 10 बजे वह अपने ममेरे भाई कलेक्टर वर्मा के साथ सेक्टर 6 ए मार्केट से सडक़ 34 सेक्टर 6 की ओर स्कूटर क्रमांक सीजी 07 बीजेड 5127 से जा रहा था, तभी सडक़ 34 के पास मारुति वेन क्रमांक सीजी 07-8418 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए स्कूटर को सामने से ठोकर मार दिया। जिससे कलेक्टर वर्मा एवं ज्ञानेश दोनों गिर गये। ठोकर से कलेक्टर के सिर, आंख और बायें हाथ मे चोंट गंभीर जबकि ज्ञानेश के दोनो पैर में चोट आई है।
दुर्घटना के बाद लोगों ने दोनों को सेक्टर 9 भेजा जहां कलेक्टर को आईसीयू में भर्ती किया गया है। घटना के बाद कल रात ज्ञानेश की रिपोर्ट पर भिलाई नगर पुलिस ने फरार वैन चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


