दुर्ग
विरोध प्रदर्शन से लौटे मंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 दिसंबर । नगरीय निकाय चुनाव 2021 के तहत रविवार की दोपहर नगर पालिक निगम वार्ड 35 शारदा पारा किशन चौक कैंप दो में चुनाव प्रचार के लिए वन मंत्री पहुंचे थे। उनके जनसंपर्क के दौरान बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद व भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा की गई जमकर नारेबाजी एवं भगवा ध्वज के साथ प्रदर्शन के बाद भारी सुरक्षा बल की उपस्थिति में मंत्री को वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब हो कि नगर पालिक निगम चुनाव 2021 के तहत जिले में तीन नगर निगम एवं एक नगर पालिका में चुनाव प्रचार के तहत प्रत्याशियों के द्वारा जमकर घर-घर जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी के तहत भिलाई नगर निगम क्षेत्र के शारदा पारा वार्ड क्रमांक 35 में भी चुनाव प्रचार जारी है।
रविवार को दोपहर वन मंत्री मोहम्मद अकबर भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनसंपर्क के लिए पहुंचे थे। इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को लगने पर भारी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। हाथों में भगवा ध्वज लेकर मंत्री मोहम्मद अकबर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। धीरे-धीरे भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति एवं लगातार विरोध स्वरूप की जा रही नारेबाजी के कारण अंतत: कैबिनेट मंत्री को चुनाव प्रचार जनसंपर्क अभियान को अधूरा छोड़ कर लौटना पड़ गया। माहौल संवेदनशील होता हुआ देख भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। पुलिस की उपस्थिति में सुरक्षा घेरा बनाकर कैबिनेट मंत्री को शारदा पारा किशन चौक स्थान से बाहर निकाला गया। मंत्री के जाने के बाद भी हिंदू संगठनों का नारेबाजी के साथ प्रदर्शन काफी समय तक जारी रहा।


