दुर्ग
बैठक लेने के बाद वोरा ने शुरू किया चुनाव प्रचार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 दिसबर। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी द्वारा आहूत बैठक में शामिल होने दिल्ली प्रवास पर गए वोरा ने दुर्ग लौटते ही पूरी जिम्मेदारी से दुर्ग के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भिलाई एवं रिसाली निगम के निकाय चुनाव में पूरी सक्रियता से प्रचार शुरू कर दिया है।
सर्किट हाउस में वरिष्ठ कांग्रेसी शंकर लाल ताम्रकार, जिला अध्यक्ष गया पटेल, ब्लाक अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, महीप भुवाल, राजकुमार साहू सहित कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद वोरा ने स्मृति नगर एवं भिलाई क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण सिसोदिया, संदीप निरंकारी, भुनेश्वरी रानी सहित कई कैंडिडेट के वार्डों में जाकर जमकर प्रचार प्रसार किया।
उन्होंने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि निकाय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शहरी स्लम स्वास्थ्य, दाई दीदी क्लिनिक, सस्ती दवा दुकान, सिटी डाइग्नोस्टिक सेंटर,महतारी दुलार, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम स्कूलों जैसी योजनाओं से जनता को सीधे लाभ प्राप्त हो रहा है। एक तरफ जहां केंद्र की मोदी सरकार उद्योग हितैषी होकर लगातार महंगाई बढ़ा रही दूसरी तरफ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप जनता को आर्थिक रूप से शसक्त बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने भाजपा की ओर से घोषणा पत्र को झूठा बताए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि 15 साल की सत्ता के बाद 15 सीटों पर सिमट जाने से भाजपा नेताओं में बौखलाहट है। खुद जिन्होंने कभी कोई वादा पूरा नहीं किया वे जनहितैषी कांग्रेस सरकार के उस घोषणा पत्र पर सवाल उठा रहे हैं जिसमें 36 में से 27 वादों को सरकार ने पूर्ण कर दिया है। भाजपा नेताओं को अपनी जमीन बेचने के लिए अनर्गल बयानबाजी करने की जगह जनहितैषी कार्यों में सरकार का सहयोग करना चाहिए। चावल खरीदी, बारदाना आपूर्ति, एथेनॉल प्लांट की अनुमति से लेकर जीएसटी की क्षतिपूर्ति तक कोई केंद्र से सवाल नहीं पूछता। जनता के सामने सब उजागर है निश्चित रूप से इसका आईना चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।


