दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 दिसंबर। मकान बेचने की बात को लेकर पारिवारिक विवाद हो गया, जिसमें शराब के नशे में बड़े भाई विकास सिंह ने छोटे भाई आकाश सिंह पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में छोटे भाई को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिर तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विकास सिंह उर्फ लक्की (29 वर्ष) अपने छोटे भाई आकाश सिंह (26 वर्ष) और बूढ़े माता-पिता के साथ राजीव नगर गली नंबर 1 में रहता है। दोनों भाई आदतन शराबी है और ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवरी का काम करते हैं। दोनों भाइयों के बीच मकान बेचने की बात को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। साथ में बूढ़े माता-पिता रहने के कारण एवं माता-पिता की मर्जी के बिना विकास मकान बेचना नहीं चाहता था परंतु आकाश इसे बेचने के लिए लगातार दबाव बनाते रहता था और घर में विवाद करता था। बीती रात भी शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच मकान बेचने की बात को लेकर लड़ाई झगड़ा होने लगा। गुस्से में आए विकास ने बांस के डंडे से आकाश के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने पर आकाश जमीन पर गिर गया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को ट्रांसपोर्ट नगर से गिर तार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


