दुर्ग

सोया चिक्की खाने से बच्चे हुए थे बीमार, प्रधानपाठिका निलंबित
11-Dec-2021 6:12 PM
सोया चिक्की खाने से बच्चे हुए थे बीमार, प्रधानपाठिका निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 दिसंबर। शासकीय प्राथमिक शाला कोलिहापुरी में सोया चिक्की खाने से बीमार हुए बच्चों का मामला तूल पकड़ लिया है। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए स्कूल की प्रधानपाठिका को सस्पेंड किया गया है। वहीं 4 अन्य शिक्षकों के एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं। दरअसल स्कूल के बच्चों को एक साथ ज्यादा मात्रा में सोया चिक्की का स्टीक बांटा गया था और चिक्की खाने के बाद बच्चों के पेट में दर्द शुरू हो गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

सोया चिक्की वितरण के संबंध में स्कूल प्रबंधन को कोई स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहीं किया गया है। कोरोना के चलते बच्चों की नियमित उपस्थिति भी नहीं हो रही है। इसे देखते हुए स्कूल प्रबंधन द्वारा पूरे सप्ताह या महीने का सोया चिक्की दिया जा रहा था। वैसे कई स्कूलों में भी यही स्थिति है। कोलिहापुरी स्कूल में बच्चों द्वारा तय मात्रा से अधिक सोया चिक्की खाना लापरवाही माना जा रहा है। डीईओ प्रवास बघेल शुक्रवार को बीमार रहे बच्चों से उनका हालचाल जाना। इसी दरमियान उन्होंने स्कूल स्टाफ पर कार्रवाई के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट