दुर्ग
दुर्ग, 11 दिसंबर। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 से वाशिंग लाइन की ओर जा रही ट्रेन से उतरते समय वृद्धा का पैर फिसला और वह चक्के और प्लेटफार्म के बीच फंस गई। इससे वृद्धा के बाएं पैर सहित अंदरूनी हिस्से में चोटें आई। घायल वृद्धा ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। जीआरपी के बीएल सोनी ने बताया कि मकान नंबर 40 मस्जिद रोड ग्राम ढेवताटोला थाना डोंगरगांव जिला राजनांदगांव निवासी नत्थीबाई जैन (75 वर्ष) पति भागचंद जैन शुक्रवार को प्लेटफार्म नंबर 3 पर अपने परिवार वालों के साथ कहीं जाने के लिए बैठकर ट्रेन आने का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर 3 पर हटिया दुर्ग एक्सप्रेस आकर खड़ी हुई, जिसे वाशिंग लाइन पर ले जाना था। गाड़ी को खड़ी देख श्रीमती नत्थीबाई फ्रेश होने के लिए डब्बे में चढ़ गई। इसी दौरान गाड़ी को वाशिंग लाइन पर ले जाया जाने लगा।
हड़बड़ी में नत्थीबाई ट्रेन से उतरने लगी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया। गंभीर रूप से घायल नत्थीबाई को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। उसकी स्थिति को देखकर वहां से इलाज के लिए परिजन उसे बीएम हॉस्पिटल भिलाई लेकर गए। अस्पताल पहुंचते ही नत्थीबाई ने दम तोड़ दिया।


