दुर्ग
ताला खोलकर जेवर-नगदी पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर। घर की डुप्लीकेट चाबी खिडक़ी के पास छिपा कर रखना एक परिवार को लाखों की चपत लगा गया है। जब पीडि़त दम्पत्ति सब्जी खरीदने गए तो अज्ञात चोर ने बाकायदा ताला खोला और भीतर से जेवरात तथा नगदी रकम लेकर दरवाजे पर पुन: ताला लगाया और चाबी खिडक़ी के पास रख आसानी से निकल गया। सब्जी खरीद लौटे दंपत्ति ने जब घर का ताला खोला तो भीतर बिखरा सामान देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि घर से जेवर, नगदी और सामान चोरी हो गया था।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि पीडि़त परिवार घऱ की एक चाबी तो अपने पास रखता है और उसकी एक डुप्लीकेट चाबी को घऱ की खिडक़ी के पास छिपाकर रखता है। उसकी इसी आदत ने चोरी की घटना बुलावा दिया। चोरी की घटना को अंजाम किसी ऐसे आदमी ने दिया है जो कि उन्हें अच्छी तरह से जानता था और उसे पता था कि घर की एक चाबी खिडक़ी के पास रखी रहती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
कोतवाली पुलिस के अनुसार रविकांत चौधरी (31 वर्ष) अपनी पत्नी के साथ सेक्टर 6 सडक़ नंबर 41 क्वार्टर 1पी में रहता है और पेशे टेलर है। बीती रात वह अपनी पत्नी वर्षा के साथ बोरिया मार्केट सेक्टर-4 सब्जी खरीदने गया। वहां से लौटा और घर का ताला खोलकर अंदर गया तो उसके होश उड़ गए। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेडरूम में रखी आलमारी से एक पाव की चांदी की पायल, सोने की अंगूठी, बिछिया, कंगन, लॉकेट और 8 हजार 500 नगदी सहित लगभग एक लाख से अधिक का सामान चोरी हो गया है। कोतवाली थाना में रिपोर्ट बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।


