दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 दिसंबर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों के बीच उभरा विवाद कल जान लेने तक पहुंच गया। नशे की हालत में बड़े भाई ने बांस के डंडे से छोटे भाई को इतना मारा कि वह लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गया। वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
टीआई वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी विकास सिंह उर्फ लक्की (29 वर्ष) अपने छोटे भाई आकाश सिंह (26 वर्ष) और माता-पिता के साथ राजीव नगर गली नंबर एक में रहता है, ये लोग मूलत: पंजाब के रहने वाले हैं। विकास और आकाश ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राईवरी करते हैं और दोनों आदतन शराबी हैं। दोनों भाइयों के बीच पुराना मकान बेचने को लेकर आए दिन विवाद होता था। आकाश अपने ढंग से मकान बेचना चाहता तो विकास यह नहीं चाहता था क्योंकि माता-पिता मकान बेचने को लेकर तैयार नहीं थे।
कल देर रात दोनों शराब के नशे में घऱ पहुंचे और मकान बेचने के मुद्दे पर झगड़ा करने लगे। इस पर विकास उठा और बांस के डंडे से आकाश के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। उसने आकाश के सिर और चेहरे पर लगभग 8-10 वार किया जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। आसपास के लोग चीख पुकार सुनकर पहुंचे और आकाश को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद विकास मौके से भाग गया। वह मोबाइल भी नहीं रखता था तो उसे खोजना बड़ा कठिन था। इसी दौरान किसी ने बताया कि उसे ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जाते देखा गया है। पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।


