दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 24 नवंबर। घरों में सेंध लगा चोरी करने वाले युवक को जब पुलिस पकडऩे गई तो उसके घर एक नाबालिग लड़की भी मिली। लड़की को आरोपी एक महीने पहले भगाकर लाया था और किराए का मकान लेकर उसके साथ रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी का सामान भी जब्त कर लिया है और लड़की के परिजनों को बुला उसे उनके हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी, अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
नेवई टीआई भारती मरकाम ने बताया कि बीएसपी कर्मी कमलेश ढीमर ने जुलाई में अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात मरोदा निवासी चंदर उर्फ विक्की (21 वर्ष) ने की है। चार महीने तक खोजबीन के बाद पुलिस को पता चला कि विक्की पोटिया कला के एक किराए के मकान में रहता है। कल जब पुलिस ने छापेमारी कर विक्की को गिरफ्तार किया तो उसके घर से एक नाबालिग लड़की भी मिली।
विक्की ने बताया कि वह उसे भगाकर अपने साथ लाया है। लगभग डेढ़ महीने पहले अक्टूबर में 14 साल की लड़की को अपने साथ लाया था। उसके बाद उसने पोटिया कला में किराए का मकान लिया और लड़की के साथ वहीं रह रहा है।


