दुर्ग

किला प्रांगण नहीं मिल पाया गौरा पूजा के लिए
19-Nov-2021 8:39 PM
किला प्रांगण नहीं मिल पाया गौरा पूजा के लिए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमधा, 19 नवंबर। धमधागढ़ के राजपरिवार को उन्हीं के पूर्वजों द्वारा बनाए गए राजा किला परिसर ईसर गौरा पूजा के लिए नहीं मिल सका। जिस संस्था के पास राजा किला परिसर का अधिपत्य है, उसने परिसर में ताला जड़ दिया,  जिसकी वजह से गज परिवार एवं उनके सदस्यों को मंगल भवन में आश्रय लेना पड़ा।

जानकारी के अनुसार धमधा का राजा किला राज्य शासन ने 2001 में केंद्रीय गोंडवाना महासभा धमधागढ़ के संरक्षण में दे दिया है तथा महामाया मंदिर का संचालन महामाया सेवा समिति को दिया गया है धमधागढ़़ को गोंड समाज के 52 गढ़ और 57 परगना का प्रमुख केंद्र माना जाता है आजादी के पहले गौड़ समाज ने अरंड पिथौरा (महासमुंद) के परऊ साय को राजा का वंशज मानते हुए समाज प्रमुख चुना  जिसके बाद परऊ साय ने 1907 में धमधा किला परिसर में बूढ़ा देव का मंदिर निर्माण कराया। परऊ साय के बाद उनके बेटे बूढ़ान साय को समाज प्रमुख चुना गया। उन्होंने छत्तीसगढ़  धु्रव गोंड आदिवासी समिति के नाम से 1963 में पंजीयन कराया जिसका नाम अब बदलकर केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना महासभा कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ बनने के बाद तत्कालीन मंत्री माधव सिंह धु्रव ने राजा किला परिसर पर केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना महासभा को अधिपत्य दिलाया, लेकिन महासभा में राजपरिवार परऊ साय और बुढ़ान साय के परिजनों को स्थान नहीं मिल सका। राजपरिवार ने  बरसों से बंद परंपरा को फिर शुरू किया और बीते 7 सालों से धमधागढ़ किले में ईसर गौरा की पूजा करते आ रहे हैं हर बार किला परिसर में ही ईसर गौरा की पूजा होती थी।

इस बार राजपरिवार को राजा किला परिसर नहीं दिया गया? केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना महासभा ने वहां ताला जड़ दिया। विवाद की स्थिति को देखते हुए एसडीएम बृजेश राजपूत एवं एसडीओपी अभिषेक झा राजपरिवार और केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना महासभा के प्रमुखों की समझौता बैठक कराई, लेकिन महासभा ने किला के 100 मीटर के दयारे में भी कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी।

राजपरिवार का कहना था कि केंद्रीय धमधागढ़ गोडंवाना महासभा को राजा किले का आधिपत्य इसी शर्त पर दिया गया है कि वे राजा किला में पहले से चली आ रही सार्वजनिक पूजा को पर कोई रोक नहीं लगाएंगे, लेकिन केंद्रीय धमधागढ़ गोंडवाना महासभा ने इसकी अनुमति नहीं लेने का कारण बताते हुए राजा किला देने से मना कर दिया।

किला परिसर नहीं मिलने पर रात्रि में ठहरने की समस्या

समझौता बैठक और असफल रहने और राजा किला परिसर नहीं मिलने पर प्रदेश भर से आए गौड़ समाज के लोगों के ठहरने की समस्या खड़ी हो गई, उनके साथ सौ से अधिक महिलाएं व बच्चे भी थे। राजपरिवार के सदस्यों ने नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता राजीव गुप्ता से सहयोग मांगा जिसके बाद उनके ठहरने की व्यवस्था तमेरपारा मंगल भवन में कराई गई, ईसर गौरा महा पूजा का आयोजन भी वहीं किया गया।

राज परिवार के साथ गलत हुआ - पूर्व नपं अध्यक्ष

नगर पंचायत धमधा के पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता का कहना है कि हर साल राज परिवार के लोग पूजा करते थे,  उनके साथ गलत हुआ है, किसी भी धार्मिक पूजा पर रोक नहीं लगाया जा सकता।

मरकाम व लक्ष्मी भी नहीं  जा सके

ईसर गौरा महापूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मरकाम का कहना है कि राज परिवार हर साल राजा किला में ईसर गौरा महापूजा करता था। इस वर्ष पूजा करने से रोक दिया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और अनुसूचित जनजाति प्रधिकरण मध्यक्षेत्र की उपाध्यक्ष लक्ष्मी धु्रव भी किला परिसर में ताला जड़ देने की वजह से वहां नहीं जा सके, उन्हें भी स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने आयोजन में पधार कर उन्हें आश्वासन दिया कि राजा के धरोहर को संरक्षित करने में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा करेंगे। कलेक्टर एसपी, एसडीएम को भी आवेदन दिए है। उनका कहना है कि 600 वर्षों की परंपरा में कभी व्यवधान पैदा नहीं हुआ था, ये कैसे विरोध कर रहे, पता नहीं।

 


अन्य पोस्ट