दुर्ग

नगर विकास के लिए सरकार योजनाबद्ध कर रही काम-भूपेश
19-Nov-2021 5:46 PM
नगर विकास के लिए सरकार योजनाबद्ध कर रही काम-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 नवंबर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई नगर पलिक निगम क्षेत्र में स्थित हुडक़ो में आयोजित कार्यक्रम में 3 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत के 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नगर के विकास के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। विकास कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। जनता की मांगे प्राथमिकता के साथ पूरी की जाएगी।

कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर एवं विधायक देवेंद्र यादव उपस्थित थे।भूमिपूजन से पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम स्थल पर स्थित भगवान श्री राम और हनुमान की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कोरोनाकाल के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि इस संकटकाल में आम जनता, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सामना किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता को कोरोना काल के दौरान जान गंवाई थी, उनके लिए महतारी दुलारी योजना के तहत 500 रूपए की राशि प्रति माह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने छप्पन लाख बीपीएल कार्ड एवं 10 लाख  एपीएल कार्ड बनवाए हैं और उसे आधार से लिंक करवाया है ताकि सही व्यक्ति के पास राशन पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल योजना के तहत कम कीमतों पर दवाई उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार ने फ्री होल्ड, रजिस्ट्री दर में कमी और शहरी क्षेत्र में छोटे भूखंड की रजिस्ट्री की सुविधा दी है, जिसका लाभ नगर के विकास में हो रहा है। उन्होंने कहा कि हुडक़ो मैदान में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन बनने से शादी और अन्य कार्यक्रम के लिए लोगों को सुविधा हो जाएगी।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि सरकार राज्य के विकास के लिए पूरी तन्मयता से काम कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपने वादे के अनुरूप किसानों को कर्जा माफ किया, पूरे देश में पहला यूनिवर्सल पीडीएस सिस्टम छत्तीसगढ़ में लागू है। सरकार ने सबको राशन देने के अपने वचन को निभाया है। उन्होंने कहा कि सरकार  इस सत्र  में लगभग एक करोड़ मिट्रिक टन धान की खरीदी करेगी। नगर के विकास के लिए राशि की कमी नहीं की जाएगी। कार्यक्रम को विधायक देवेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया।

इन कार्यों का भूमिपूजन- 3 करोड़ 91 लाख रूपए की लागत 8 विकासकार्यों का मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन किया जिसमे हॉस्पिटल सेक्टर से लगी हुडक़ो मैदान 3 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन निर्माण कार्य लागत के अलावा वार्ड 70 में शारदा संघ के संस्था प्रांगण में शेड निर्माण पेवल ब्लाक एवं बोर खनन कार्य लागत 8 लाख रूपए, वार्ड 70 अन्नपूर्णा मंदिर प्रांगण के समीप पेवल ब्लाक लगाने का कार्य लागत 4 लाख रूपए, वार्ड 67 सेक्टर 08 सडक़ 05 में व्हालीवाल कोर्ट निर्माण कार्य लागत 10 लाख रूपए, वार्ड 67 सेक्टर 08 सडक़ 10 में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण कार्य लागत 10 लाख रूपए, वार्ड 67 सेक्टर 08 सडक़ 12 में गार्डन व बैंडमिंटन कोर्ट निर्माण कार्य लागत 15 लाख रूपए, जोन 01 अंतर्गत हुडको एवं सेक्टर 08 के विभिन्न स्थानों पर पेवन ब्लाक लगाने का कार्य लागत 25 लाख एवं वार्ड 70 हुडको तालाब में पचरी निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था कार्य 19 लाख रूपए शामिल हैं।

इस अवसर पर अंत्यावसायी विकास निगम की उपाध्यक्ष नीता लोधी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि के अलावा भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट