दुर्ग

मुकदमा वापस लेने ससुराल पहुंच पत्नी से मारपीट, जुर्म दर्ज
18-Nov-2021 1:37 PM
मुकदमा वापस लेने ससुराल पहुंच पत्नी से मारपीट, जुर्म दर्ज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 18 नवंबर।
पति के साथ अनबन होने पर पिछले छ: महीने से पिता के घर रह रही युवती से न्यायालय में लगाए मुकदमे को वापस लेने की जिद करते हुए पति ने उससे मारपीट की। युवती की शिकायत पर छावनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।
छावनी पुलिस ने बताया कि वार्ड-26 संतोषी पारा, सतनाम भवन आंगन बाडी़ के पीछे केम्प-2 निवासी मनीषा राय कोसरे अपने पिता के साथ रहती है। उसकी शादी जून 2019 में रिसाली निवासी दिनेन्द्र कोसरे (35 वर्ष) के साथ हुई। उनकी 16 माह की एक लड़की भी है।

मनीषा ने पुलिस को बताया कि परिवारिक बातों पर उसके पति दिनेंद्र अक्सर वाद विवाद करता था जिससे परेशान होकर 6 माह से वह मायके संतोषी पारा आकर अपने माता-पिता के साथ रह रहने लगी। महिला थाना भिलाई में शिकायत बाद उनकी काउंसलिंग भी हुई। विवाद नहीं सुलझने पर दुर्ग कोर्ट में उसने पति के विरूद्ध मुकदमा किया है। इसी बात को लेकर दिनेन्द्र कोसरे बीती शाम 4 बजे संतोषी पारा स्थित ससुराल पहुँचा और केश वापस लो कह कर गाली गलौज करते हुए मनीषा से मारपीट की। उसकी दाईं कलाई एवं कंधे में चोट आई है। इस दौरान मनीषा की माँ केसर और पड़ोसियों ने बीच बचाव किया तो दिनेंद्र वहां से निकल गया।

मनीषा की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने दिनेंद्र के खिलाफ धारा 323, 506, 294 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट