दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 नवंबर। कुत्ते से आ रही बदबू को लेकर दो परिवारों में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्षों की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने काउंटर केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक हरि नगर दुर्ग निवासी काजल मेहरा 14 नवंबर को अपने ग्राम समोदा स्थित घर के दरवाजे के पास खड़ी थी, तभी सामने घर में रहने वाले समरजीत चक्रवर्ती आकर बोला कि कुत्ते की बदबू आ रही है दरवाजा बंद कर लो। इस पर जब काजल मेहरा ने दरवाजा बंद करने से इंकार किया तो समरजीत चक्रवर्ती ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की। वहीं आरोपी ईशान चक्रवर्ती ने लोहे की रॉड से मारपीट की। मंजू चक्रवर्ती व डुली चक्रवर्ती ने हाथ मुक्का से मारपीट किए।
इसी तरह दूसरे पक्ष की ओर से मंजू चक्रवर्ती निवासी ग्राम समोदा ने शिकायत दर्ज कराई कि बुला रानी चक्रवर्ती एवं काजल मेहरा अपने कुत्तों को देखने घर पर आई थी। उसने दरवाजा खोली तब पीडि़ता के पति समरजीत चक्रवर्ती ने कहा कि दरवाजा बंद कर दो कुत्ते से बास आ रही है, मैं दमा का पेशेंट हूं।
इस पर काजल मेहरा ने कहा कि नहीं बंद करूंगी। इतने में बुला रानी चक्रवर्ती ने कहा मेरा घर है मैं कुत्ता या कुछ भी पालू जिसे परेशानी है वह घर छोडक़र चला जाए। इसके बाद बुला रानी एवं काजल मेहरा व अन्य ने मंजू चक्रवर्ती के साथ मारपीट की। दोनों पक्षों की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने धारा 294, 323, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया।


