दुर्ग

ट्यूशन से लौट रहे कारोबारी के नाबालिग बेटे का अपहरण
13-Nov-2021 1:44 PM
ट्यूशन से लौट रहे कारोबारी के नाबालिग बेटे का अपहरण

चांदी का कड़ा, साइकिल-मोबाइल लूटा, अचेत हालत में छोडक़र भागे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी/भिलाई नगर, 13 नवंबर।
कल रात ट्यूशन से लौट रहे कारोबारी के नाबालिग बेटे के चेहरे पर स्प्रे कर मैजिक सवार चार आरोपियों ने अपहरण कर लिया, साथ ही उसका मोबाइल एवं साइकल लूट कर फरार हो गए। भागते समय लुटेरों ने अचेत बालक को कुम्हारी टोल प्लाजा के पास छोड़ कर भाग गए। बालक ने एक पुलिस की खड़ी गाड़ी वाले से मोबाइल लेकर घरवालों को खबर की। इस मामले में देर रात हुई रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बारे में सौम्य अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह वह रात 8 बजे टयूशन से लौट रहा था, तभी विद्या ज्योति हाई स्कूल के पास एक सफेद रंग की मैजिक गाड़ी रुकी, जिसमें से तीन लोग उतरे, जिनके चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे। उनमें से एक युवक ने उसके चेहरे पर स्प्रे मार दिया, जिससे वह कुछ समझ ही नहीं पाया। इस बीच तीनों ने उसको सायकल सहित उठाकर गाड़ी में डाल दिया और लेकर चले गए, लेकिन टोल प्लाजा के पास उन्होंने उसको उतार दिया और फरार हो गए। अपहरणकर्ताओं ने उसके हाथ से चांदी का कड़ा निकाल लिया एवं मोबाइल एवं सायकल लेकर भाग गए।
 
इस बीच सौम्य की हालत देखकर टोल प्लाजा में कुछ लोगों ने उसके आंखों में पानी डाला, तब जाकर बच्चा व्यवस्थित हुआ और पुलिस की खड़ी गाड़ी वाले से फोन मांगकर घरवालों को बुलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात एल्डरमेन पवन अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर एवं विधायक प्रतिनिधि शीश बंसल सहित जनप्रतिनिधि एवं लोग थाने पहुंचे एवं उक्त घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल टोलप्लाज़ा पुलिस टीम भेजी, साथ ही एक टीम भिलाई से भी रवाना हुई है। जानकारी के मुताबिक टोल प्लाजा के सीसी टीवी के कैमरे से फुटेज की जांच की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक विश्वास चंद्राकर ने बताया कि कल रात करीब 8.30 बजे के लगभग कुम्हारी हाउसिंग बोर्ड के प्रमुख मार्ग पर कुम्हारी विद्या ज्योति स्कूल के मेन गेट के सामने कुम्हारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एल्डरमेन पवन अग्रवाल के पोते व सुदर्शन अग्रवाल के बेटे सौम्य अग्रवाल (16 वर्ष) को चेहरे पर आरोपियों ने कुछ रासायनिक तत्व का स्प्रे किया। जिसके कारण वह बेसुध हो गया। आरोपियों ने टाटा मैजिक फोर व्हीलर गाड़ी में डालकर सौम्य अग्रवाल एवं उसकी साईकिल को वाहन में डालकर अपहरण के बाद फरार हो गए। बेसुध पाकर मोबाइल लूट लिया।

कुम्हारी टोल प्लाजा युगबोध के सामने अचेत हालत में बालक को छोडक़र भाग गए। सौम्य अग्रवाल ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए टोल प्लाजा के पास प्रशासनिक अधिकारियों से मदद मांग कर अपने परिवार को फोन से संपर्क साधा और अपने सकुशल होने की सूचना दी।

सीएसपी चंद्राकर ने बताया कि आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस के द्वारा टीमों का गठन किया गया है। सिविल टीम भी आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटना स्थल एवं कुम्हारी टोल प्लाजा तक के सभी सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है, ताकि आरोपियों को शीघ्र ही पकड़ा जा सके।
 
रिपोर्ट पर कुम्हारी पुलिस के द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 363 एवं 394 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट