दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 नवंबर। दुर्ग ग्रमीण विधानसभा के रिसाली नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुंडेरा में विकास कार्यों का हाल बेहाल है यहां लगभग 2 साल पूर्व गौठान का निर्माण शुरू किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे किसान खुले में घूम रहे मवेशियों से परेशान है। वही मुख्य मार्ग में तालाब रोड मोड़ पर निकासी नाली के ऊपर बनाया गया पुल लगभग साल भर के अंदर तीन बार टूट चुका है।
गौरतलब है कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों में गौठान का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार डुंडेरा में भी लाखों की लागत से गौठान निर्माण का कार्य लगभग 2 साल पूर्व मंजूर किया गया है। खरीफ सीजन का पूरा समय निकाल जाने के बावजूद भी इस साल भी गोठान का निर्माण पूरा नहीं हुआ, जिसकी वजह से किसानों की फसलों को मवेशी नुकसान पहुंचा रहे हैं गोठान निर्माण पूरा हो जाने पर किसानों को इस साल राहत की उम्मीद थी वही गौठान निर्माण पूरा होने के बाद गोबर खरीदी होने से अतिरिक्त आमदनी की भी पशु पालक आस लगाए बैठे थे।
पुराना बाजार चौक में डीजेन्द्र यदु के घर के पास तालाब रोड मोड़ की ओर सडक़ पर निकासी नाली के ऊपर बना पुल का निर्माण लगभग साल भर के अंदर तीन बार किया गया मगर निर्माण के कुछ दिनों के अंदर हर बार उक्त पुल टूटता रहा हाल ही में यह पुल तीसरी बार फिर टूट गया है खरीफ फसल की कटाई पश्चात बहुत से किसान इसी मार्ग से धान के बीड़े की ढुलाई करते हैं, जिन्हे अब फिर असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता इसी चौक के पास स्कूल एवं तालाब की ओर डामरीकृत समतल पक्की सडक़ पर पानी के जमाव को दूर करने निकासी की व्यवस्था बनाने की बजाय डस्ट मिश्रित जीरा गिट्टी डालकर ठीकठाक सडक़ को उबड़ खाबड़ कर दिया गया है। वही शासकीय स्कूल के प्रवेश द्वार के पास भी निकासी नाली निर्माण के बजाय पेवर ब्लॉक के ऊपर डस्ट मिश्रित गिट्टी डाल दिया गया है निगम के वार्ड कार्यलय परिसर में भी बनाया गया। शेड निर्माण के कुछ दिनों बाद उड़ गया था टूट फूट चुके इस शेड को इसके बाद पुन: बनाया गया।
बारिश में कीचड़ के ऊपर पसरा लगाने मजबूर रहे व्यवसायी
डुन्डेरा में सोमवार एवं गुरुवार को नया बाजार चौक में सप्ताहिक बाजार लगता जहां ठीक बारिश के पहले चबूतरा एवं शेड निर्माण शुरू कर दिया गया। मगर सही योजनाबद्ध तरीके से निर्माण नहीं होने से बार बार कार्य प्रभावित होता रहा। जिसकी वजह से निर्माण कार्य में विलंब होने के कारण सप्ताहिक बाजार में आने वाले व्यवसायियों को पुरे बारिश के सीजन में मंगल भवन के सामने कीचड़ के ऊपर पसरा लगाने मजबूर होना पड़ा अब तक उक्त निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। पुराना बाजार चौक के पास मंच के ऊपर बना शेड के जमीन में गड़ा पाइप सडक़र टूट गया है, जो दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। वहीं मंच भी टूट फूटकर अपना अस्तित्व लगभग खो चुका है।
मोहल्लेवासियों का कहना कि तत्काल मंच निर्माण कर नया शेड लगाया जाय निर्माण कार्यों की इस स्थिति से जन प्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगा है।
आयुक्त के निरीक्षण में भी हो चुका है गड़बड़ी का खुलासा
पूर्व निगम आयुक्त प्रकाश सार्वे ने अगस्त माह में डुन्डेरा में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान गड़बड़ी का खुलासा होने पर उन्होंने जम कर नाराजगी जताई थी मंदिर के सामने बनाए गए पाथवे के पेवर ब्लाक को उखाडऩे के निर्देश दिए थे। इसी प्रकार कार्ड कार्यालय के सामने ही गड्ढे को समतल किए बिना पेवर ब्लॉक लगाए जाने पर फटकार लगाते हुए नए सिरे से पेवर ब्लाक लगाने के निर्देश दिए थे।


